रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की धुरंधर 5 हफ्ते में 800 करोड़ कमा लिए हैं
मुंबई। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म “धुरंधर” का क्रेज अब तक बॉक्स ऑफिस पर कम नहीं हुआ है। धुरंधर को रिलीज हुए 5 हफ्ते हो चुके हैं, लेकिन कमाई का सिलसिला इस फिल्म ने जारी रखा हुआ है। धुरंधर अब छठे हफ्ते में पहुंच चुकी है। सिनेमाहॉलों में इसके शो जबरदस्त तरीके से चल रहे हैं। नतीजे में 5 हफ्ते में ही धुरंधर ने देश के सिनेमाहॉलों में दर्शकों की बड़ी तादाद जुटाकर 800 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया। इतनी कमाई करने वाली धुरंधर पहली हिंदी फिल्म बनी है।
फिल्म धुरंधर की रिलीज से लेकर हर हफ्ते की कमाई जान लीजिए। रिलीज के हफ्ते में धुरंधर ने देश के सिनेमाहॉलों से 218 करोड़ रुपए कमाए थे। दूसरे हफ्ते में धुरंधर ने 261.50 करोड़ का बिजनेस किया था। रिलीज के तीसरे हफ्ते धुरंधर की कमाई 189.30 करोड़ रुपए रही थी। जबकि, चौथे हफ्ते धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर 115.70 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। पांचवें हफ्ते धुरंधर ने करीब 22 करोड़ कमाए और इसके साथ ही उसका नेट कलेक्शन 806.80 करोड़ हो गया। धुरंधर को अब भी देखने वालों की कमी नहीं है। ऐसे में ये आसार दिख रहे हैं कि वो अल्लू अर्जुन की पुष्पा-2 को अगले शुक्रवार तक पछाड़ सकती है। पुष्पा-2 ने लाइफटाइम कलेक्शन के तौर पर 830 करोड़ हासिल किए थे।
अगर 30वें दिन के नेट कलेक्शन की बात करें, तो धुरंधर ने 2024 में रिलीज हुई एक और हिट फिल्म “छावा” को बीट कर दिया। छावा ने रिलीज के 30वें दिन 7.25 करोड़ रुपए कमाए थे। वहीं, पुष्पा-2 की 30वें दिन कमाई सिर्फ 2.9 करोड़ रुपए रही थी। जबकि, धुरंधर की 30वें दिन कमाई 9.70 करोड़ रही। ऐसे में धुरंधर ने छावा को 30वें दिन की कमाई में करीब 2 करोड़ रुपए से मात दी। अब सबकी नजर अगले शुक्रवार पर है। उस दिन धुरंधर की रिलीज का छठा हफ्ता खत्म हो जाएगा। क्या उस दिन तक पुष्पा-2 को पटकनी देकर रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म सही मायने में बॉक्स ऑफिस का “धुरंधर” बन जाएगी!
