दिल्ली के फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास उपद्रव से पहले मौके पर गए थे रामपुर के सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी!, सोशल मीडिया के जरिए उपद्रवियों ने भीड़ जुटाई
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास सरकारी जमीन कब्जा कर बनाए गए बारात घर और डायगनोस्टिक सेंटर को मंगलवार रात गिराने के दौरान उपद्रवियों ने जमकर पथराव किया था। जिससे पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। दिल्ली पुलिस ने इस सिलसिले में अब तक 10 से ज्यादा को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब कई और बातें सामने आ रही हैं। न्यूज चैनल टाइम्स नाउ के मुताबिक फैज-ए-इलाही के पास बुलडोजर एक्शन से पहले मंगलवार रात करीब 1 बजे यूपी के रामपुर से सपा के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी मौके पर थे। चैनल के मुताबिक पुलिस जांच कर रही है कि आखिर सपा सांसद वहां क्यों गए थे।
वहीं, अब तक की जांच में ये भी सामने आया है कि बुलडोजर एक्शन को रोकने के लिए हालात बिगाड़ने की कोशिश के तहत सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया गया। न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला है कि कुछ लोगों ने भ्रम फैलाने के लिए वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक भेजा। ताकि मौके पर भीड़ इकट्ठा कर बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाई जा सके। दिल्ली पुलिस की जांच से पता चला कि फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास उपद्रव से पहले और बाद में कई भड़काऊ वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए। इनमें फैज-ए-इलाही मस्जिद को तोड़ने का झूठा दावा किया गया। वीडियो में कहा गया कि मस्जिद गिराने के लिए बुलडोजर आए हैं। वीडियो में मुसलमानों से कहा गया कि अब भी वक्त है वे जाग जाएं। देखिए वीडियो में किस तरह एक व्यक्ति पथराव करने वालों की हौसला अफजाई कर रहा था।
फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास उपद्रव करने के लिए लोगों को भड़काने के लिए सिर्फ वीडियो ही शेयर नहीं किए गए। ये अपील भी की गई कि लोग अपनी दुकानों को बंद कर बड़ी तादाद में मौके पर पहुंचें। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए कुछ लोगों ने फैज-ए-इलाही मस्जिद तक पहुंचने के रास्तों की जानकारी भी दी। आजतक के मुताबिक ऐसे ही झूठे वीडियो बनाने वालों में से एक की पहचान खालिद मलिक के तौर पर हुई है। दिल्ली पुलिस अब सोशल मीडिया को खंगाल रही है। ताकि ये पता चल सके कि मस्जिद गिराने का झूठा दावा फैलाने वाले और कौन लोग शामिल थे। इसके अलावा बॉडी कैम और सीसीटीवी फुटेज के जरिए भी पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान का काम जारी है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कानून की सख्त धाराओं के तहत इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
