April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया, अब हरियाणा एसटीएफ करेगी पूछताछ

नई दिल्ली। हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर हवाई जहाज से उतरते ही हरियाणा एसटीएफ ने गैंगस्टर अमन भैंसवाल को गिरफ्तार कर लिया। अमन भैंसवाल को इंटरपोल और केंद्रीय गृह मंत्रालय के सहयोग से अमेरिका से डिपोर्ट कर लाया गया है। मूल रूप से सोनीपत का रहने वाला गैंगस्टर अमन भैंसवाल हिमांशु गैंग का शार्प शूटर है। अमन ने दिल्ली के एक पते पर फर्जी पासपोर्ट बनवाया था और उसी पासपोर्ट के जरिए वो भारत से भागकर अमेरिका चला गया था।

गैंगस्टर अमन भैंसवाल पर हत्या, रंगदारी मांगने समेत 10 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन्हीं मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। 2025 में अमन के अमेरिका फरार होने के बाद हरियाणा एसटीएफ ने गोहाना सदर थाने में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर इंटरपोल के साथ उसकी जानकारी साझा की थी। रोहतक के सांपला में हाल ही में सीताराम हलवाई की दुकान पर हुई फायरिंग मामले में भी अमन भैंसवाल का नाम आया था। फायरिंग के दौरान बदमाशों ने दुकान में पर्ची फेंककर 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी और उस पर्ची में गैंगस्टर अमन भैंसवाल का नाम लिखा हुआ था। गोहाना के मातूराम हलवाई हत्याकांड में भी अमन भैंसवाल की संलिप्तता के पुलिस को सबूत मिले थे।

हरियाणा एसटीएफ अब अमन भैंसवाल का मेडिकल कराकर उसे अदालत के समक्ष पेश करेगी और उसकी रिमांड मांगेगी। अमन को रिमांड में लेकर एसटीएफ के अधिकारी उसके विदेशी नेटवर्क और विदेश में छिपे बैठे उसके आकाओं का नाम उगलवाएंगे। अमन को भारत डिपोर्ट कर लाया जाना हरियाणा एसटीएफ के लिए एक बहुत बड़ी सफलता है। आपको बता दें कि हरियाणा एसटीएफ इससे पहले भी कई गैंगस्टरों को जो भारत छोड़कर दूसरे देशों में भाग गए थे उनको डिपोर्ट कराने में सफल रही है। इनमें मनपाल और जोगेंद्र जैसे कुछ गैंगस्टर प्रमुख हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *