April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

होटल में बुलाकर…नेशनल शूटर खिलाड़ी ने कोच पर लगाए यौन शोषण के गंभीर आरोप, मामला दर्ज

नई दिल्ली। हरियाणा की रहने वाली नेशनल लेवल की एक शूटर ने शूटिंग कोच पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। 10-मीटर एयर पिस्टल शूटर खिलाड़ी ने कहा कि कोच अंकुश भारद्वाज ने उसे मैच पर चर्चा करने के लिए सूरजकुंड स्थित होटल बुलाया था। इसके बाद वहीं पर उसके साथ अश्लील हरकतें की। पीड़िता ने बताया कि घटना के वक्त उसकी उम्र 17 वर्ष थी और वो नाबालिग थी। शिकायत के आधार पर कोच अंकुश भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (धारा 6) और बीएनएस की धारा 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और उसे सस्पेंड भी कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि 16 दिसंबर 2025 को दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में नेशनल मैच था। उस मैच के खत्म होने के बाद कोच अंकुश भारद्वाज ने महिला शूटर से उसकी परफॉर्मेंस की समीक्षा करने के लिए फरीदाबाद के सूरजकुंड में स्थित एक होटल लॉबी में बुलाया। पहले तो महिला खिलाड़ी के साथ कोच होटल लॉबी में बातचीत करता रहा और बाद में बहाने से अपने कमरे में ले गया। वहां उसने उसके साथ छेड़खानी की और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और चिल्लाने पर कोच ने उसे छोड़ा। इसके बाद कोच ने उसे धमकी दी कि अगर किसी से कुछ कहा तो अंजाम बुरा होगा।

पीड़िता के मुताबिक डर की वजह से वो चुप रही। कुछ दिन बाद वो मोहाली में एक अन्य महिला शूटर से मिली, तो उसने बताया कि 10 दिसंबर को मोहाली में जब शूटर लड़कियां एक होटल में ठहरी हुई थीं, तब कोच अंकुश भारद्वाज अचानक सुबह-सुबह उनके कमरे में आकर उनके बेड पर लेट गया, इससे सभी लड़कियां असहज हो गईं। इसके बाद पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती बताई और फिर फरीदाबाद के महिला थाना में कोच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *