February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव ने अपनी ननद मंधिरा कपूर के खिलाफ दर्ज कराया मानहानि का केस

नई दिल्ली। मरहूम बिजनेसमैन संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर ने अपनी ननद मंधिरा कपूर के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है। अपनी शिकायत में प्रिया ने आरोप लगाया है कि मंधिरा कपूर ने बार-बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, ट्विटर, यूट्यूब पर ऐसे वीडियो और पोस्ट अपलोड और प्रसारित किए हैं जिनसे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जा सके। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) सिद्धांत सिहाग ने आज इस केस की सुनवाई की और समन जारी करने से पहले साक्ष्यों को रिकॉर्ड करने के लिए प्रिया कपूर को 21 जनवरी को पेश होने को कहा है।

प्रिया कपूर ने मंधिरा कपूर के ‘इन कंट्रोवर्सियल’ को दिए पॉडकास्ट के बयानों का भी जिक्र किया है। शिकायत में कहा गया है कि पॉडकास्ट में मंधिरा ने बार-बार ऐसा संकेत दिया कि संजय के साथ प्रिया की शादी समस्याग्रस्त, छलपूर्ण और वैधता के योग्य नहीं थी। इस मामले में शो की होस्ट पूजा चौधरी को भी पक्षकार बनाया गया है। याचिका में कहा गया है कि इस प्रकार की टिप्पणियां सीधे तौर पर समाज की नजरों में एक पत्नी और अब विधवा के रूप में प्रिया की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं। इस प्रकार के आरोप शिकायतकर्ता के सम्मान, नारीत्व और सामाजिक प्रतिष्ठा की नींव पर प्रहार हैं और इसलिए बीएनएस की धारा 356 के तहत स्वतः ही मानहानिकारक हैं।

आपको बता दें कि संजय कपूर की मौत के बाद उनकी प्रॉपर्टी पर अधिकार को लेकर प्रिया कपूर का संजय की पहली पत्नी अभिनेत्री करिश्मा कपूर से हुए दोनों बच्चों और मंधिरा कपूर के साथ केस चल रहा है। संजय कपूर की एक्स वाइफ करिश्मा कपूर ने अपने बच्चों की तरफ से दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दिवंगत संजय कपूर की प्रॉपर्टी में बच्चों का हिस्सा मांगा है। बता दें कि संजय कपूर की 12 जून 2025 को इंग्लैंड में पोलो खेलते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed