अपर्णा यादव को तलाक देने जा रहे मुलायम सिंह के छोटे बेटे प्रतीक, परिवार को तोड़ने का लगाया आरोप
नई दिल्ली। मुलायम सिंह यादव के परिवार में कलह की एक बड़ी खबर सामने आई है। अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेने का फैसला किया है। प्रतीक यादव ने अपर्णा पर परिवार को तोड़ने का आरोप लगाया है। इंस्टाग्राम पोस्ट पर प्रतीक ने लिखा, मैं इस स्वार्थी औरत से जल्द से जल्द तलाक लेने जा रहा हूं। इसने मेरे पारिवारिक रिश्ते बर्बाद कर दिए। इसका एकमात्र लक्ष्य प्रसिद्धि और पावर हासिल करना है। प्रतीक ने आगे लिखा, इस समय मेरी मानसिक स्थिति बहुत खराब है और इसे कोई परवाह नहीं है क्योंकि इसे सिर्फ अपनी ही चिंता है। मैंने कभी इतनी बुरी औरत नहीं देखी और मेरा दुर्भाग्य था कि मैंने इससे शादी की।
अपर्णा बीजेपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और वो कई बार खुले तौर पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए सपा की नीतियों की आलोचना कर चुकी हैं। अपर्णा हालांकि पहले समाजवादी पार्टी में ही थीं मगर बाद में वो बीजेपी में शामिल हो गईं। आपको बता दें कि मुलायम सिंह यादव ने अपनी पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी के निधन के बाद साधना गुप्ता से दूसरी शादी की थी। प्रतीक साधना के बेटे हैं। प्रतीक हालांकि राजनीति से दूर हैं, वो रियल एस्टेट का कारोबार करते हैं। साथ ही उनके जिम भी हैं।
प्रतीक खुद भी बॉडी बिल्डर रहे हैं और उनको स्पोर्ट्स कारों का भी काफी शौक है। 2011 में प्रतीक और अपर्णा की शादी बहुत ही धूमधाम से हुई थी। इन दोनों के एक बेटी भी है। अपर्णा और प्रतीक एक दूसरे को बचपन से जानते थे। अपर्णा यादव लखनऊ से चुनाव भी लड़ चुकी हैं हालांकि वो जीत नहीं पाई थीं। अपर्णा अक्सर सुर्खियों में रहती हैं, अभी हाल ही में लखनऊ केजीएमयू लव जिहाद मामले में उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मेडिकल कॉलेज जाकर प्रदर्शन भी किया था।
