चांदी की कीमत ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली बार तीन लाख के पार पहुंचे भाव, जानिए किस रेट में मिल रहा सोना?
नई दिल्ली। सोना और चांदी की कीमतें लगातार उछाल पर हैं, जिसके रोज नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। आज यानी सोमवार को वायदा बाजार में एक बार फिर सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। बाजार खुलते ही चांदी की कीमत 13,553 रुपये चढ़ गई और इसके साथ ही एक किलो चांदी का भाव 3,01,315 हो गया है। पहली बार चांदी की कीमत 3 लाख रुपए प्रति किलो के पार पहुंची है। नए साल की शुरुआत से अब तक चांदी की कीमतों में लगभग 20 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। वहीं सोना भी आज 2900 रुपये महंगा हुआ और 10 ग्राम सोने की कीमत 1,45,500 रुपये हो गई है।
पिछले साल 2025 के आखिरी दिन 31 दिसंबर को 10 ग्राम सोने का दाम 1,35,804 रुपये था और अब 1,45,500 रुपये हो गया है इस तरह से सोने की कीमत में 9 हजार से ज्यादा की उछाल आ चुकी है। इसी तरह 31 दिसंबर 2025 को 1 किलो चांदी की कीमत 2,35,701 रुपये थी, जो कि अब 3,01,315 रुपए पर पहुंच गई है। माना जा रहा है कि वैश्विक तनाव और ग्रीनलैंड मुद्दे की वजह से सोने और चांदी की कीमत लगातार बढ़ रही है। बता दें कि शुक्रवार को जब मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स बंद हुआ था तो चांदी की कीमत 2,87,762 रुपये प्रति किलो थी।
वहीं सोने का भाव 1,42,517 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी की बढ़ती कीमतों की बात करें तो पिछले 9 महीनों में चांदी ने 200 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है। पिछले साल चांदी ने रिटर्न के मामले में सोने को भी पीछे छोड़ दिया था। विशेषज्ञों का मानना है कि चांदी की कीमत अभी और नए रिकॉर्ड बनाएगी। चांदी के भाव में तेजी का एक और प्रमुख कारण इस धातु की बढ़ती औद्योगिक डिमांड और कम सप्लाई को भी माना जा रहा है। इंडस्ट्रियल सेक्टर में आज कई चीजों में चांदी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
