June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

समय आ गया है…ग्रीनलैंड को लेकर डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी, आखिर क्या हैं अमेरिकी राष्ट्रपति का प्लान?

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर एक बार फिर चेतावनी जारी की है। ट्रंप ने कहा कि नाटो पिछले 20 वर्षों से डेनमार्क से कहता आ रहा है कि आपको ग्रीनलैंड से रूसी खतरे को दूर करना होगा। लेकिन दुर्भाग्य से, डेनमार्क इस दिशा में कुछ भी करने में असमर्थ रहा है। अब समय आ गया है, और यह करके दिखाया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ग्रीनलैंड पर अधिकार जमाने के रास्ते में रोड़ा बने 8 यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद अब यह बयान जारी किया है।

आपको बता दें कि एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह ऐलान किया है कि डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड और फिनलैंड से आने वाले सामान पर 1 फरवरी, 2026 से 10 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीनलैंड को लेकर अगर 1 जून तक कोई समझौता नहीं हुआ, तो टैरिफ को बढ़ाकर 25 फीसदी कर दिया जाएगा। ट्रंप ग्रीनलैंड को लेकर नाटो पर भी दबाव बना रहे हैं। उधर, यूरोपीय देशों ने ट्रंप की आलोचना करते हुए कहा कि टैरिफ को अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संप्रभुता की रक्षा के लिए मिलकर साथ रहेंगे।

वहीं, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन ने कहा कि ट्रंप की धमकी से यूरोप ब्लैकमेल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड के भविष्य को लेकर फैसला लेने का अधिकार सिर्फ वहां रहने वाले लोगों को है। डेनमार्क ने कहा कि वो अमेरिका के साथ बातचीत के रास्ते खुले रखना चाहता है मगर किसी दबाव में नहीं आने वाला। आपको बता दें कि अभी दो दिन पहले ही अमेरिका के एक प्रतिनिधिमंडल ने ग्रीनलैंड का दौरा किया था। इससे पहले ट्रंप ने ग्रीनलैंड को खरीदने का ऑफर भी दिया था मगर ग्रीनलैंड के विदेश मंत्री ने कहा था कि ग्रीनलैंड बिकाऊ नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *