February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नितिन नबीन को घोषित किया गया बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम नरेंद्र मोदी ने माला पहनाकर दी बधाई

नई दिल्ली। नितिन नबीन को आज आधिकारिक रूप से बीजेपी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। दिल्ली स्थिति बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के संगठनात्मक चुनावों के रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण ने नितिन नबीन को प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर बधाई दी। इस दौरान मंच पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और नितिन गडकरी भी मौजूद रहे। नितिन नबीन बीजेपी के अब तक के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

इस अवसर पर जेपी नड्डा ने कहा, आज बहुत ही ऐतिहासिक अवसर है जब दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान नितिन नबीन आज पदभार संभाल रहे हैं। मैं अपनी ओर से और करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनको बधाई देता हूं। यह महान पार्टी जिसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ से वैचारिक पृष्ठभूमि में आगे बढ़ने का सौभाग्य मिला, दीनदयाल उपाध्याय जी के कठोर परिश्रम के माध्यम से पार्टी को देशभर में विकसित करने का सौभाग्य मिला और उसी को आगे बढ़ाते हुए अटल बिहारी वाजपेई जी, आडवाणी जी, सुंदर सिंह भंडारी जी, कुशाभाऊ ठाकरे जी जैसे महान लोगों ने इस पार्टी को आगे बढ़ाने का काम किया है। ऐसी महान पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालने के लिए बहुत बहुत शुभकामनाएं।

नितिन नबीन से पहले अभी तक जेपी नड्डा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल रहे थे। उनको 2020 में यह जिम्मेदारी मिली थी। हालांकि नितिन नबीन को कल ही निर्विरोध बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया था, सिर्फ औपचारिक ऐलान बाकी था वो भी आज हो गया। बीजेपी अध्यक्ष बनने से पहले नितिन नबीन को Z कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed