संजय कपूर की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद गहराया, मां रानी ने बहू प्रिया सचदेव के खिलाफ दर्ज कराया केस
नई दिल्ली। दिवंगत कारोबारी संजय कपूर की संपत्ति पर अधिकार को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। संजय की मां रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया सचदेव कपूर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। रानी कपूर ने अपनी याचिका में कहा कि उनके नाम से जो आरके ट्रस्ट (रानी कपूर ट्रस्ट) बनाया गया है उसको अमान्य घोषित किया जाए क्योंकि इसमें धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने अपनी बहू प्रिया समेत 8 अन्य लोगों पर भी धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। अदालत में इस याचिका पर कल सुनवाई हो सकती है।
रानी कपूर ने अदालत से गुहार लगाई है कि आरके फैमिली ट्रस्ट का किसी भी तरह से इस्तेमाल करने से रोकने के लिए उस पर स्थायी स्टे दिया जाए और आरके फैमिली ट्रस्ट के गठन से लेकर अब तक बैंक खातों का ब्योरा देने का निर्देश दे। रानी कपूर परिवार की मुखिया हैं और उन्होंने अपने दिवंगत पति सुरिंदर कपूर की वसीहत का भी जिक्र किया जिसमें परिवार से जुड़ी विभिन्न कंपनियों के सभी शेयर और चल तथा अचल संपत्तियों का मालिकाना हक उनको सौंपा गया था। आपको बता दें कि प्रिया सचदेव कपूर से पहले संजय कपूर ने अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की थी। संजय और करिश्मा के दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी है।
संजय की मौत के बाद उनकी संपत्ति में बच्चों को हिस्सा दिए जाने की मांग को लेकर करिश्मा कपूर की ओर से भी प्रिया सचदेव के खिलाफ कोर्ट में याचिका पेंडिंग है। अभी हाल ही में प्रिया सचदेवा ने संजय कपूर की बहन और अपनी ननद मंधिरा कपूर के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है। प्रिया ने आरोप लगाया है कि मंधिरा कपूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, ट्विटर, यूट्यूब पर ऐसे वीडियो और पोस्ट अपलोड और प्रसारित किए हैं जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जा सके।
