February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ईरान की चेतावनी के बाद भड़के डोनाल्ड ट्रंप, कहा-दुनिया से मिटा देंगे नामो-निशान

नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की वजह से युद्ध की आशंका बनी हुई है। डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है कि अगर जल्द से जल्द शांति बहाल नहीं हुई, तो ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ट्रंप ने कहा कि मैंने पहले भी चेतावनी दी थी और फिर कह रहा हूं कि अगर कुछ भी हुआ, तो पूरे देश को तबाह कर देंगे, दुनिया के नक्शे से ईरान का नामो निशान मिटा देंगे। इससे पहले ट्रंप ने ईरान में सत्ता बदलने की बात कही थी जिसके बाद ईरान ने पलटवार करते हुए ट्रंप को खुली धमकी दी थी।

ईरान के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता जनरल अबुलफजल शेखरची ने कहा था कि अगर हमारे नेता अली खामेनेई के खिलाफ कोई भी कार्रवाई की गई तो अंजाम ठीक नहीं होगा। शेखरची ने यह भी कहा था कि ट्रंप इस बात को जानते हैं कि ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की तरफ कोई हाथ उठा तो हम उस हाथ को काट देंगे। दरअसल डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक इंटरव्यू में अली खामेनेई को ‘बीमार’ व्यक्ति कह दिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अब समय आ गया है जब ईरान में नए नेतृत्व की तलाश की जाए।

आपको बता दें इससे पहले भी डोनाल्ड ट्रंप कई बार ईरान को प्रत्यक्ष तौर पर धमकी दे चुके हैं। ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान सरकार ने निहत्थे प्रदर्शनकारियों को मारना बंद नहीं किया तो अमेरिका को एक्शन लेना पड़ेगा। इससे पहले ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई ने उनके देश में पिछले कई दिनों से जारी हिंसा और विरोध-प्रदर्शनों के ट्रंप को जिम्मेदार ठहराते हुए उनको अपराधी करार दिया था। खामेनेई ने दावा किया था कि ईरान में विदेशी साजिश के चलते विरोध प्रदर्शनों को अंजाम दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने षड्यंत्रकारियों को अल्टीमेटम भी दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *