टी20 वर्ल्डकप के दौरान परिवार को होटल में साथ नहीं रख पाएंगे क्रिकेटर्स, बीसीसीआई ने खारिज की टीम मैनेजमेंट की मांग
नई दिल्ली। बीसीसीआई ने टीम मैनेजमेंट की उस मांग को खारिज कर दिया है जिसमें टी20 वर्ल्डकप के दौरान खिलाड़ियों को अपने परिवार को होटल में साथ रखने की मांग की गई थी। बीसीसीआई का कहना है टी20 वर्ल्ड के दौरान टीम इंडिया को सभी मैच भारत में ही खेलने हैं सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए श्रीलंका जाना है ऐसे में फैमिली स्टे की आवश्यकता नहीं है। हालांकि बीसीसीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर कोई खिलाड़ी चाहे तो अपने परिवार के रुकने की व्यवस्था निजी तौर पर अलग होटल में कर सकता है, इसका बोर्ड से कोई लेना देना नहीं होगा।
टीम इंडिया मैनेजमेंट ने बोर्ड से पूछा था कि क्या टी20 वर्ल्डकप के दौरान खिलाड़ी अपनी पत्नी या मंगेतर को साथ रख सकते हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि खिलाड़ी अपने परिवार के साथ नहीं रहेंगे। इससे पहले, भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई एकदिवसीय सीरीज के दौरान भी खिलाड़ियों की पत्नियों और मंगेतर को उनके साथ ठहरने की अनुमति बीसीसीआई ने नहीं दी थी। बोर्ड की मौजूदा नीति के अनुसार 45 दिन या उससे ज्यादा लंबे विदेशी टूर पर खिलाड़ी अधिकतम 14 दिन तक परिवार को अपने साथ रख सकते हैं।
आपको बता दें कि कोविड के बाद पूरे दौरे पर खिलाड़ियों को परिवारों को साथ रखने की व्यवस्था शुरू हुई थी, मगर 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत की तगड़ी हार के बाद बीसीसीआई ने इस व्यवस्था में बदलाव करने का फैसला किया। आपको बता दें कि मौजूदा टूर्नामेंट के दौरान टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों के पर्सनल शेफ भी उनके साथ ही रहेंगे हालांकि उनके रुकने की व्यवस्था अलग होटल में होगी। टी20 वर्ल्डकप टूर्नामेंट में भारत ने यूएसए के खिलाफ जीत के साथ आगाज किया है अब 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के साथ दूसरा मैच होगा।
