‘घूसखोर पंडत’ का बदलेगा नाम, विवाद के बाद मेकर्स ने फिल्म का टाइटल चेंज करने का लिया फैसला
नई दिल्ली। नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाली अभिनेता मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का नाम अब बदला जाएगा। फिल्म को लेकर हुए विवाद के बाद मेकर्स ने इसका टाइटल चेंज करने का फैसला किया है। फिल्म के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान आज नेटफ्लिक्स की ओर दिल्ली हाईकोर्ट को यह जानकारी दी गई। इस फिल्म के मेकर्स के खिलाफ यूपी की राजधानी लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है। ब्राह्मण समुदाय ने फिल्म के टाइटल का विरोध करते हुए इसे अपमानजनक करार दिया है और फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की है।
नेटफ्लिक्स के वकील ने अदालत को यह भी बताया कि फिल्म से जुड़े सभी प्रमोशनल मटेरियल को सोशल मीडिया से पहले ही हटा लिया गया है। मेकर्स द्वारा फिल्म का नाम बदलने की बात कहने के बाद हाईकोर्ट ने इस याचिका का निपटारा कर दिया। इससे पहले फिल्म के डायरेक्टर नीरज पांडे की ओर से फिल्म के टाइटल को लेकर उपजे विवाद पर सफाई भी गई थी। उन्होंने कहा था कि ‘पंडत’ शब्द का प्रयोग केवल एक काल्पनिक किरदार के बोलचाल के नाम के रूप में इस्तेमाल किया गया है। वहीं फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता मनोज बाजपेयी ने भी इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया दी थी।
मनोज ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा था कि मैं लोगों द्वारा साझा की गई भावनाओं और चिंताओं का सम्मान करता हूं। जब आप जिस चीज़ का हिस्सा होते हैं, उससे कुछ लोगों को ठेस पहुंचती है, तो यह आपको रुककर उनकी बात सुनने के लिए मजबूर कर देता है। फिल्म के टाइटल का इसका उद्देश्य किसी भी समुदाय के बारे में कोई टिप्पणी करना नहीं था। नीरज पांडे के साथ काम करने के अपने अनुभव में, मैंने देखा है कि वे अपनी फिल्मों के प्रति हमेशा गंभीरता और सावधानी बरतते हैं।
