February 20, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पंजाब में सरपंच की गोली मारकर हत्या, अज्ञात हमलावरों ने दिन दहाड़े शादी समारोह में घुसकर घटना को दिया अंजाम

नई दिल्ली। पंजाब के तरन तारन में एक शादी समारोह में अज्ञात हमलावरों ने सरपंच हरपिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। हरपिंदर सिंह गांव ठठियां महंतां के आम आदमी पार्टी के वर्तमान सरपंच थे। वो बठिंडा–तरन तारन नेशनल हाईवे स्थित सिद्धू फार्म में शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे तभी तीन से चार हमलावरों ने सरपंच पर फायरिंग शुरू कर दी जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके चाचा के बेटे जर्मनजीत सिंह भी गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से शादी समारोह में चीख पुकार मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग इधर उधर भागने लगे। बताया जा रहा है जिस वक्त सरपंच को गोलियां मारी गईं वो अपने परिचितों के साथ डांस कर रहे थे। उनके सिर और पेट में कुल चार गोलियां लगी हैं। हमलावरों की पहचान के लिए फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग अलग टीम बनाई गई हैं। वहीं सरपंच के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। इससे पहले 6 फरवरी को तरन तारन के ही चीमा खुर्द गांव में आम आदमी पार्टी के सरपंच गुरभेज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

उधर, अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आप सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा, हरपिंदर सिंह बहुत युवा थे, मैं शोकग्रस्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह से विफल साबित हो रहे हैं इसलिए मैं उन दोनों के इस्तीफे की मांग करता हूं। पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है जिसकी भारत-पाकिस्तान के साथ लंबी सीमा है, और कार्यवाहक डीजीपी उचित सुरक्षा प्रदान नहीं कर पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *