लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजा गया ई-मेल
नई दिल्ली। लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजे गए ई-मेल के जरिए यह धमकी दी गई है। इसके अलावा दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी कॉलोनी स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। इन धमकियों को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस के साथ सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं। सभी जगहों को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, हालांकि कहीं से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
धमकी भरे ई-मेल की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड समेत दिल्ली पुलिस के अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन छानबीन शुरू की। सुरक्षा से संबंधित सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उधर, साइबर टीम के द्वारा धमकी भरे ई-मेल के बारे में भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि यह ई-मेल भेजने की लोकेशन क्या है। सुरक्षा एजेंसियों हालात पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए हैं। बता दें कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली समेत अन्य कई प्रदेशों में स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, सरकारी दफ्तरों, अदालत परिसरों, कलेक्ट्रेट और डीएम कार्यालय तक को बम से उड़ाने की कई बार धमकी मिल चुकी है।
हालांकि यह सभी धमकियां फर्जी निकलीं मगर हर बार जब भी इस प्रकार की कोई फोन कॉल या ई-मेल आता है तो पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसे पूरी गंभीरता से लेते हुए त्वरित सर्च अभियान शुरू करती हैं। पिछले साल हुए लाल किला ब्लास्ट के बाद से सुरक्षा एजेंसियां लगातार एलर्ट मोड पर हैं और हर छोटी से छोटी घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। हालांकि इन मामलों में धमकी भेजने वाले लोगों के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी जुटाई नहीं जा सकी है।
