February 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एआई समिट प्रदर्शन मामले में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार

नई दिल्ली। एआई समिट स्थल भारत मंडपम में टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन के मामले में नया अपडेट आया है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने एआई समिट प्रदर्शन मामले में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उदय भानु चिब को पूछताछ के लिए बुलाया था। सोमवार से  करीब 20 घंटे की पूछताछ के बाद एआई समिट प्रदर्शन मामले में उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया गया। खबरों के मुताबिक दिल्ली पुलिस उदय भानु चिब को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पहले गिरफ्तार चार युवा कांग्रेस सदस्यों को कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को पांच दिन की रिमांड पर सौंपा था।

दिल्ली पुलिस ने एआई समिट स्थल पर युवा कांग्रेस के प्रदर्शन में आपराधिक साजिश का आरोप लगाया है। साथ ही लोकसेवक को काम से रोकने और चोट पहुंचाने का आरोप भी एफआईआर में है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पहले गिरफ्तार चार लोगों को कोर्ट में पेश कर बताया था कि नेपाल के जेन जी प्रदर्शन की तरह का मामला बनाने की कोशिश की। साथ ही दिल्ली पुलिस ने ये दावा भी किया है कि राजधानी स्थित हिमाचल भवन में गैरकानूनी सभा कर साजिश रची गई। उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के साथ ही एआई समिट प्रदर्शन मामले में अब तक 8 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। अन्य आरोपियों की तलाश में दिल्ली पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।

एआई समिट स्थल पर प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस ने पहले युवा कांग्रेस के पदाधिकारी कृष्णा हरि और नरसिम्हा यादव के अलावा अजय कुमार और कुंदन यादव को गिरफ्तार किया था। वहीं, 23 फरवरी को दिल्ली पुलिस ने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जीतेंद्र यादव को ग्वालियर से गिरफ्तार किया था। जबकि, ग्वालियर जिला अध्यक्ष राजा गुर्जर और भिंड के जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार विमल की भी गिरफ्तारी की थी। दिल्ली पुलिस ने एआई समिट प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल टी-शर्ट और पोस्टर एक आरोपी की कार से बरामद किए। इसके अलावा इन पोस्टरों को छापने वाली प्रेस पर भी छापा मारा था। एआई समिट प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खदेड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *