February 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

केरल में कांग्रेस को झटका, बीजेपी में शामिल हुईं वत्सला प्रसन्नकुमार, विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

नई दिल्ली। केरल में आज कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) की पूर्व महासचिव वत्सला प्रसन्नकुमार बीजेपी में शामिल हो गई हैं। वल्सला प्रसन्नकुमार ने कांग्रेस में रहते हुए काफी सक्रिय भूमिका निभाई है। वो परवूर नगरपालिका की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। तिरुवनंतपुरम स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने वत्सला प्रसन्नकुमार को औपराचिक रूप से बीजेपी में शामिल कराते हुए पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर बीजेपी के प्रदेश महासचिव एस. सुरेश और वरिष्ठ नेता एएन राधाकृष्णन समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

बीजेपी में शामिल होने के बाद वत्सला प्रसन्नकुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के द्वारा चलाई जा रही जनकल्याण योजनाओं और महिला सशक्तीकरण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि वो विकसित परवूर और विकसित केरल के लिए बीजेपी में शामिल होकर एनडीए के साथ मिलकर काम करेंगी। वत्सला प्रसन्नकुमार विपक्ष के नेता वीडी सतीशन का गढ़ माने जाने वाले एर्नाकुलम जिले के उत्तर परवूर क्षेत्र से आती हैं।

केरल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अचानक वत्सला प्रसन्नकुमार के पार्टी छोड़ने से राजनीतिक सरगर्मी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में वत्सला वीडी सतीशन के खिलाफ बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। बीजेपी की वत्सला के जरिए महिला वोटरों को अपने पक्ष में करने की योजना होगी। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि वत्सला के बीजेपी में शामिल होने से उसके कोर वोट बैंक पर कोई खास असर नहीं पड़ने वाला है। बता दें कि केरल में बीजेपी लगातार अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास कर रही है ऐसे में कांग्रेस से जो नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं उनको काफी तवज्जो भी मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *