IAS के सेक्रेटरी ने हरियाणा सचिवालय की छठी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, 15 दिन पहले भी की थी सुसाइड की कोशिश
नई दिल्ली। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में उस वक्त अफरातफरी का माहौल हो गया जब छठी मंजिल से कूदकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक गणेश दास अरोड़ा आईएएस अधिकारी हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी के पद पर तैनात थे। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। गणेश दास अरोड़ा इसी साल अक्टूबर में नौकरी से रिटायर होने वाले थे। उनके विषय में एक चौंकाने वाली जानकारी मिली है कि उन्होंने लगभग 15 दिन पहले भी उन्होंने बिल्डिंग से कूदने का प्रयास किया था, मगर उनके सहकर्मियों ने समय रहते उनको पकड़ लिया था।
गणेश दास अरोड़ा के द्वारा इस प्रकार से सुसाइड किए जाने की घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया? पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है और सचिवालय कर्मियों से पूछताछ के आधार पर जानकारी जुटा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सचिवालय में ऐसी चर्चा है कि गणेश दास अरोड़ा का कुछ समय पहले विभाग बदल दिया गया था और इसी कारण से वो टेंशन में चल रह रहे थे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि शायद इसी तनाव के चलते उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गणेश अरोड़ा अपने ऑफिस में बैठकर रोज की तरह सामान्य रूप से अपना काम कर रहे थे, अचानक वो अपनी कुर्सी से उठकर सचिवालय की छठी मंजिल की बालकनी पर जा पहुंचे। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी इससे पहले कुछ समझ पाते, उन्होंने नीचे छलांग लगा दी। उनको सिर पे गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी उमा अरोड़ा भी सरकारी नौकरी करती हैं और वर्तमान में हरियाणा राजभवन में उनकी तैनाती है। परिजनों को घटना के संबंध में जानकारी दे दी गई है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्यूरी में भिजवा दिया गया है।
