स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते हमारे चार एलपीजी कार्गो शिप भारत पहुंच चुके हैं, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
नई दिल्ली। भारतीय विदेश मंत्रायल के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया है कि हमारे चार एलपीजी कार्गो शिप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार करके सुरक्षित भारत पहुंच चुके हैं। हम खाड़ी क्षेत्र के कई देशों से बात कर रहे हैं ताकि हमारे बाकी जहाज भी होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करके सुरक्षित रूप से भारत आ सकें। पत्रकारों के इस सवाल पर कि हमारा देश तेल कहां से ले रहा है, किन देशों से आपूर्ति हो रही है इसके विषय में जायसवाल ने कहा कि इसकी मुझे जानकारी नहीं है। यह विशेष जानकारी पेट्रोलियम मंत्रालय से मिलेगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि हमारे विदेश मंत्री एस. जयशंकर जी7 विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए पेरिस में हैं। वे पहले ही फ्रांस, जर्मनी, दक्षिण कोरिया, जापान और ब्राजील सहित कई देशों के विदेश मंत्रियों और उनके समकक्षों से मुलाकात कर चुके हैं। आज भी उनकी बैठकें जारी हैं। उन्होंने दो सत्रों में भाषण दिया। एक सत्र वैश्विक शासन पर था, जिसमें उन्होंने सुरक्षा परिषद में सुधारों की अनिवार्यता, शांतिरक्षा अभियानों को सुव्यवस्थित करने और मानवीय सहायता आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने के मुद्दे पर बात की। उन्होंने खाद्य, ईंधन और उर्वरक को लेकर इन देशों की चिंताओं से भी अवगत कराया।
जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच होने वाली संभावित बैठक के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, मुझे इस विशेष बैठक के बारे में जानकारी नहीं है कि यह हो चुकी है या जल्द ही होने वाली है, लेकिन मुझे लगता है कि पेरिस में अभी दोपहर का समय है, इसलिए इस तरह की कुछ बैठकें अभी भी हो सकती हैं। अबू धाबी में मलबा गिरने से एक भारतीय नागरिक की मृत्यु पर जायसवाल ने कहा, हमारा मिशन शव को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए काम कर रहा है।
