‘सोनिया गांधी का पीए रेप केस वापस लेने के लिए दे रहा धमकी’, पीड़ित महिला ने वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पीए पीपी माधवन पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला ने अब एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में वो दिल्ली पुलिस पर माधवन को बचाने और शिकायत वापस लेने के लिए धमकी देने का आरोप लगा रही है। करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में महिला ने कहा कि वो दुखी और परेशान होकर ये वीडियो बना रही है। उसके मुताबिक सोनिया गांधी के पीए पीपी माधवन ने उसे शादी का झांसा देकर रेप किया। इसकी शिकायत दिल्ली के उत्तम नगर थाने में उसने दी। महिला का कहना है कि पुलिस लगातार आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है।
वीडियो में महिला कह रही है कि आज तक पुलिस ने उससे सबूत नहीं मांगा। उसके केस में जांच अधिकारी बिना बताए बदल दी गई। उसका ये आरोप भी है कि पुलिस ने चार्जशीट पेश कर दी, लेकिन उसे जानकारी नहीं दी। महिला ने वीडियो में ये आरोप भी लगाया है कि जुबैर नाम के वकील से उसे धमकी दिलाई गई और केस वापस लेने के लिए दबाव डाला गया। वो वीडियो में सभी से मदद करने की गुजारिश करती दिख रही है। बता दें कि पीड़ित महिला दलित है। उसका कहना है कि माधवन के पास वो नौकरी के लिए गई थी। माधवन ने उसे शादी करने का झांसा दिया और फिर रेप किया।
बीती 26 जून को पुलिस में दी गई शिकायत में महिला ने बताया है कि उसका पति कांग्रेस के दफ्तर में होर्डिंग लगाता था। दो साल पहले पति का निधन होने के बाद वो नौकरी मांगने सोनिया के पीए के पास गई थी। उसे माधवन ने घर बुलाया और बताया कि पत्नी से तलाक हो चुका है। वो लगातार महिला से मिलता रहा। इस दौरान रेप का आरोप पीड़ित ने लगाया है। वहीं, माधवन का कहना है कि वो महिला को जानते हैं, लेकिन उसके आरोप निराधार हैं।
