यूसीसी, लव जिहाद के खिलाफ कदम, महिलाओं को 3000 रुपए और रोजगार के साथ हर जिले में मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेज, असम के लिए बीजेपी के संकल्प पत्र की खास बातें
गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 9 अप्रैल को वोटिंग होनी है। असम में विधानसभा की 126 सीट हैं। बीजेपी ने मंगलवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और बीजेपी के असम प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने संकल्प पत्र जारी किया।
असम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के संकल्प पत्र में 31 मुख्य वादे किए गए हैं। इनमें असम में समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी लागू करने और लव जिहाद के खिलाफ कड़े कदम उठाना भी शामिल है। बीजेपी ने संकल्प पत्र में कहा है कि असम में फिर सरकार बनने पर ओरुनोदय योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1250 रुपए की जगह 3000 रुपए दिए जाएंगे। लखपति दीदी योजना के तहत असम की 40 लाख महिलाओं को 25-25 हजार रुपए देने का वादा भी बीजेपी ने किया है। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि सरकार बनी, तो असम के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज, एक इंजीनियरिंग कॉलेज और एक यूनिवर्सिटी बनवाएगी।
इसके अलावा अगले 5 साल में बीजेपी ने असम में 2 लाख नई नौकरी देने का वादा संकल्प पत्र में किया है। असम को बाढ़ से बचाने के लिए 18000 करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू करने का वादा भी बीजेपी ने संकल्प पत्र में किया है। असम में सरकार बनने पर बीजेपी ने 5 लाख करोड़ के निवेश का भरोसा भी अपने संकल्प पत्र में दिया है। इस मौके पर वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस जो 60 साल में नहीं कर पाई, उसे असम की बीजेपी सरकार ने बीते 10 साल में किया है। उन्होंने संकल्प पत्र को एक दशक की परिवर्तन यात्रा बताया। जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी ढांचे बनाए जाने के बार में बताया गया है। बीजेपी ने कहा है कि वो असम को सुरक्षित और विकसित बनाएगी। असम में लगातार दो बार बीजेपी की सरकार बनी है। वो असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।
