आईएसआईएस से संबंध रखने में दो और लोग गिरफ्तार, खिलौना कार से बम विस्फोट करने की साजिश का आरोप
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन आईएसआईएस से संबंध के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने यूपी के कुशीनगर से एक युवक को गिरफ्तार किया था। उस पर भी आईएसआईएस से संबंध होने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक आईएसआईएस से संबंध रखने वाले मोसाब अहमद और मोहम्मद हमाद कालरा को महाराष्ट्र के कल्याण और कुर्ला से गिरफ्तार किया गया। दोनों जैश-ए-मोहम्मद के एक हैंडलर से संपर्क में थे। दोनों पर भारत में कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार और युवाओं को भर्ती करने का भी आरोप है।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने मोसाब और हमाद को महाराष्ट्र पुलिस की एटीएस के साथ मिलकर रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि मोसाब और हमाद के पास से आपत्तिजनक दस्तावेज और मोबाइल फोन वगैरा बरामद हुए। दोनों के बारे में दिल्ली पुलिस का कहना है कि वे मिशन खिलाफत और सोल्जर ऑफ प्रॉफेट संगठनों से जुड़े थे। इन दोनों के बारे में दिल्ली पुलिस ने बताया है कि खिलौना कार बम बनाना इंटरनेट से सीखा और दिल्ली व मुंबई में बड़े आतंकी हमले करने की साजिश रच रहे थे। पहले गिरफ्तार आईएसआईएस आतंकियों से पूछताछ में मोसाब और हमाद के बारे में जानकारी मिली थी।
इससे पहले बीते दिनों दिल्ली पुलिस ने यूपी के कुशीनगर से जिस रिजवान अहमद नाम के युवक को गिरफ्तार किया था, उसके भी आईएसआईएस से संबंध होने का आरोप लगाया था। रिजवान के बारे में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने बताया था कि मुंबई में हुए एक बम धमाके के मामले में वो मुंबई सेंट्रल जेल में भी रहा था। अब मोसाब और हमाद की गिरफ्तारी के बाद और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है। इससे पहले एनआईए ने दक्षिण भारत के राज्यों से कई आईएसआईएस आतंकियों को गिरफ्तार किया था। केरल के कुछ युवा तो आईएसआईएस के लिए लड़ने के वास्ते सीरिया भी गए थे। आईएसआईएस को बहुत खूंखार आतंकी संगठन माना जाता है।
