असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी करेंगी कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा पर आपराधिक केस, फर्जी तरीके से दस्तावेज बनाने का आरोप लगाया
गुवाहाटी। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुयां सरमा ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा पर फोटोशॉप और एआई से तैयार फर्जी दस्तावेज के हवाले से आरोप लगाने की बात कही है। असम के मुख्यमंत्री की पत्नी ने रविवार को एक्स पर पवन खेड़ा और कांग्रेस को टैग करते हुए लिखा कि आपकी सिर्फ तपस्या में ही नहीं, एआई जेनरेशन और फॉटोशॉप करने में भी कमी रह गई। हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी ने लिखा है कि उम्मीद थी कि राष्ट्रीय पार्टी का प्रवक्ता यथोचित परिश्रम करेगा, न कि मनगढ़ंत पासपोर्ट और कागजात की खराब फोटो सर्कुलेट करेगा। उन्होंने लिखा कि वो पवन खेड़ा पर आपराधिक केस कर कोर्ट ले जाने की तैयारी कर रही हैं।
इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि असम के सीएम की पत्नी के पास यूएई, एंटीगुआ-बारबूडा और मिस्र के पासपोर्ट हैं। इन तीनों पासपोर्ट की फोटो भी पवन खेड़ा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई थी। पवन खेड़ा ने ये सवाल भी पूछा था कि विदेशी कंपनी में हिमंत, उनकी पत्नी और बेटी ने निवेश किया है और उससे बड़ी आय होती है। अब रिनिकी की तरफ से पवन खेड़ा को कोर्ट में ले जाने की बात कहे जाने से कांग्रेस प्रवक्ता के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। क्योंकि अब कोर्ट में उनको असम के सीएम की पत्नी के खिलाफ लगाए गंभीर आरोपों को साबित करना होगा। अगर पवन खेड़ा आरोप साबित न कर सके, तो उनको जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। पवन खेड़ा पर पहले भी मानहानि के कई केस हो चुके हैं।
असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को वोटिंग होनी है। असम में लगातार दो बार से बीजेपी ने सरकार बनाई। कांग्रेस इस बार दावा कर रही है कि वो असम में बीजेपी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। कांग्रेस के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी तो ये तक कह रहे हैं कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हिमंत बिस्व सरमा को भ्रष्टाचार के मामले में जेल भेजेंगे। वहीं, हिमंत बिस्व सरमा ने पलटवार करते हुए कहा है कि जेल भेजने के लिए राहुल गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को सात जन्म लेने होंगे। हिमंत बिस्व सरमा पहले कांग्रेस में ही थे। वो अगस्त 2015 में बीजेपी में आ गए थे।
