राघव चड्ढा ने अब किया आम आदमी पार्टी के नेताओं पर पलटवार, इस अंदाज में दी चुनौती!
नई दिल्ली। राघव चड्ढा खुलकर अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के खिलाफ मैदान में उतर आए हैं। राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर पलटवार किया है। राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक और वीडियो जारी कर कहा है कि ये आप में उन साथियों के लिए, जिनको मजबूरन ऐसे वीडियो जारी करने पड़े, जिनमें कहा गया कि राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दे उठाने में नाकाम रहे।
राघव चड्ढा ने ये भी कहा है कि पंजाब उनके लिए सिर्फ चर्चा का विषय नहीं है। पंजाब से जुड़े तमाम मुद्दे उठाने वाला वीडियो शेयर कर आम आदमी पार्टी के खिलाफ बागी तेवर दिखा रहे राज्यसभा सांसद ने कहा है कि पंजाब उनका घर, फर्ज, मिट्टी और आत्मा है। राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी को चुनौती के अंदाज में लिखा है कि ये छोटा सा ट्रेलर है। पिक्चर अभी बाकी है। राघव चड्ढा ने इससे पहले दो और वीडियो जारी किए थे। पिछले वीडियो में उन्होंने बताया था कि राज्यसभा में आम आदमी से जुड़े कौन-कौन से मुद्दे उठाए। वहीं, इससे पहले राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर ये सवाल उठाया था कि वो संसद में आम आदमी के मुद्दे उठा रहे थे, तो आम आदमी पार्टी को क्या दिक्कत हुई।
दरअसल, बीते दिनों खबर आई थी कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को चिट्ठी लिखकर राघव चड्ढा को सदन में दल के उप नेता पद से हटाने की जानकारी दी है। साथ ही ये खबर भी मीडिया के जरिए आई कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय से कहा है कि वो राघव चड्ढा को बोलने के लिए वक्त न दे। इन खबरों के सामने आने के बाद ही राघव चड्ढा ने बागी तेवर दिखाने शुरू किए थे। इसके बाद आम आदमी पार्टी के तमाम नेताओं ने राघव पर आरोप लगाए थे कि वो पंजाब समेत पार्टी के मुद्दे नहीं उठाते और मोदी सरकार के खिलाफ पार्टी के स्टैंड के साथ खड़े भी नहीं हो रहे। इस पर अब राघव चड्ढा ने नया वीडियो जारी कर पलटवार किया है।
