तुरंत ईरान छोड़ें, युद्धविराम की घोषणा के बाद भारत ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एक और एडवाइजरी
नई दिल्ली। अमेरिकी और ईरान के बीच युद्धविराम लागू हो गया है। इस बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की तरफ से अपने नागरिकों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की गई है जिसमें भारतीय नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने की सलाह दी गई है। इसमें कहा गया है कि जितना जल्दी संभव हो सके, दूतावास की मदद से और जो बताए गए रास्ते हैं उनके जरिए ईरान से बाहर निकल जाएं। साथ ही एंबेसी ने एक बार फिर से यह दोहराया है कि दूतावास से परामर्श के बिना किसी भी इंटरनेशनल बॉर्डर के पास जाने या उसे पार करने की कोशिश नहीं करें।
भारतीय दूतावास की ओर से अपने नागरिकों को जारी एडवाइजरी में इमरजेंसी कॉन्टेक्ट नंबर भी दिए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक दूतावास से संपर्क कर सकें और सहायता ले सकें। भारतीय नागरिक टेलीफोन नंबर्स +989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359 और ईमेल आईडी – cons.tehran@mea.gov.in के जरिए दूतावास से कॉन्टैक्ट कर सकते हैं। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के कुछ घंटों बाद यह एडवाइजरी जारी की गई है।
पहले भी जारी किया गया था परामर्श
अभी एक दिन पहले भी भारतीय दूतावास ने ईरान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को सलाह दी थी कि अगले 48 घंटों तक सभी लोग अपने सुरक्षित स्थानों पर रहें। साथ ही साथ किसी भी सैन्य प्रतिष्ठानों, बिजली आपूर्ति प्रणालियों से दूर रहने और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों को छोड़ने का भी आग्रह किया गया था। दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को यह अल्टीमेटम दिया था कि वो समझौता कर ले और इसके लिए ट्रंप ने मंगलवार रात 8 बजे तक की डेडलाइन दी थी। माना जा रहा था कि अगर इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच समझौता नहीं हुआ तो ट्रंप ईरान पर बड़ा हमला कर सकते हैं। इसी के मद्देनजर तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को आगाह किया था। मंगलवार शाम ट्रंप ने यह भी कहा था आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म को जाएगी।
