April 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

5 मई की शाम से ही बंगाल छोड़कर वापस…घुसपैठियों को अमित शाह का अल्टीमेटम

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम के बोलपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए जनता से आह्वान किया कि इस बार बीरभूम को एक रिकॉर्ड बनाना होगा। सभी 11 सीटें भारतीय जनता पार्टी को देनी है। अमित शाह ने पूछा, आप सभी लोग कट मनी और सिंडिकेट से परेशान हैं या नहीं? किसी गरीब को घर बनाना है, ईंट लाना है तो ममता के सिंडिकेट वाले पैसे मांगते हैं। सीमेंट की थैली लानी है तो भी पैसे देने पड़ते हैं। ममता को निकाल दो, टाटा बाय-बाय कह दो। कट मनी वालों को और सिंडिकेट वालों को उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।

शाह ने कहा, ममता की सरकार निकालने का मतलब है घुसपैठ मुक्त बंगाल बनाना। ममता दीदी 600 एकड़ भूमि बीएसएफ को नहीं देती ताकि तार लगाने का काम पूरा ना हो और फिर बीएसएफ जवानों पर आरोप लगाती हैं कि वे घुसपैठ करा रहे हैं। अरे ममता दीदी, बीएसएफ के जवान देश के लिए अपना सिर कटा सकते हैं, वो घुसपैठिए को नहीं घुसने देंगे। आपके दिन (ममता बनर्जी के) अब समाप्त हो चुके हैं। 5 मई को बंगाल में बीजेपी सरकार बनेगी और 45 दिन में पूरी 600 एकड़ भूमि हम बीएसएफ को बाड़ लगाने के लिए दे देंगे। इससे घुसपैठ तो समाप्त होगी, साथ ही हम पूरे बंगाल और देशभर से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम करेंगे। ये घुसपैठिए हमारे युवाओं का रोजगार खा रहे हैं, गरीबों के चावल खा रहे हैं और देश के अंदर दंगे करा रहे हैं। मैं सारे घुसपैठियों को कहना चाहता हूं कि 5 मई की शाम से ही बंगाल छोड़कर वापस जाना शुरू कर देना, क्योंकि तुम्हारा समय खत्म हो गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, बीजेपी की सरकार बनने के बाद कोई संदेशखाली की घटना नहीं होगी, कोई आरजी कर की घटना नहीं होगी, कोई दुर्गापुर लॉ कॉलेज की घटना नहीं होगी, कोई साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की घटना नहीं होगी। बेटियां हर तरह सुरक्षित रहेंगी। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि हम समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेंगे। UCC लगने के बाद ऐसे लोग जो चार-चार शादियां करते हैं, सबकी चार शादियां बंद हो जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *