नोएडा में अभी थमा नहीं विवाद, श्रमिकों ने फिर किया पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
नई दिल्ली। नोएडा में श्रमिकों का हिंसक प्रदर्शन अभी थमा नहीं है। कुछ प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने आज फिर से हिंसा करते हुए पुलिस बल पर पथराव किया। सेक्टर 64, 80 और 121 में पत्थरबाजी की घटनाएं हुई हैं और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई है। उग्र श्रमिकों के द्वारा किए गए पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने लाठियां भांजकर प्रदर्शनकारी श्रमिकों को वहां से खदेड़ा। पूरे नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कई सेक्टरों में फ्लैग मार्च निकाला।
सोमवार को नोएडा में जगह जगह हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए सात एफआईआर दर्ज की गई हैं और 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा कई वॉट्सएप ग्रुप्स की जांच की जा रही है। बता दें कि पुलिस ने 50 से अधिक ऐसे सोशल मीडिया हैंडल चिह्नित किए हैं, जो पिछले 24 घंटों के अंदर ही बने और इनके जरिए श्रमिकों से जुड़े मुद्दे पर अफवाह फैलाई गई। यूपी एसटीएफ के द्वारा इन सभी संदिग्ध हैंडल्स की विस्तृत जांच कर रही है। यूपी के डीजीपी और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने सोमवार शाम को गौतमबुद्धनगर पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग की थी और कुछ दिशा निर्देश दिए थे।
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने श्रमिकों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए पहले ही वेतन वृद्धि का फैसला किया है। श्रमिकों को तीन श्रेणियों कुशल, अर्धकुशल और अकुशल में बांटकर सरकार उनकी मजदूरी में 1 अप्रैल 2026 से 21 फीसदी तक की अंतरिम बढ़ोतरी करने का ऐलान कर चुकी है। प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की सहायता के लिए कल ही हेल्पलाइन नम्बर 120-2978231,120-2978232,120-2978862,120-2978702 भी जारी किए गए थे। श्रमिकों से शांति बनाए रखने का आह्वान करते हुए प्रशासन ने उनसे इन नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज कराने को कहा था।
