ग्रेटर नोएडा में मां पर हमले के बाद बेटे ने की खुदकुशी, जानिए घटना की वजह क्या?
नोएडा। यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक युवक ने मां पर हमला किया और फिर खुदकुशी कर ली। घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का है। पुलिस के मुताबिक राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में 21 साल का सागर यादव परिवार के साथ फ्लैट नंबर 1804 में रहता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात सागर की अपनी मां से कहासुनी हो गई। गुस्से में सागर ने मां पर चाकू से हमला किया। जिसमें उनको चोट लगी।
सागर के घरवालों के मुताबिक मां को चाकू से घायल करने के बाद वो अपने फ्लोर से नीचे पांचवीं मंजिल पर आया और वहां से नीचे छलांग लगा दी। पांचवी मंजिल से गिरने के कारण सागर यादव बुरी तरह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और सागर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार के लोगों के मुताबिक सागर यादव मानसिक रूप से बीमार था। पुलिस के मुताबिक सागर ने सब्जी काटने वाले चाकू से मां पर हमला किया था। जिससे उनको हल्की चोट लगी।
नोएडा पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सागर यादव के घरवालों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पहली नजर में पारिवारिक विवाद के कारण घटना होने की बात सामने आई है, लेकिन इस बारे में और जांच की जाएगी। पिछले कुछ साल से पारिवारिक विवाद के कारण छोटी-मोटी कहासुनी की घटनाओं में लोगों की हत्या और आत्महत्या की घटनाएं सामने आती रही हैं। कभी-कभी तो बहुत छोटी रकम के विवाद में भी हत्या की घटनाएं होती देखी गई हैं। सागर यादव की ओर से मां पर चाकू से हमला और फिर खुदकुशी से ये सवाल फिर उठ रहा है कि आखिर छोटी-मोटी बात पर लोग आपा क्यों खोने लगे हैं!
