पटना कोचिंग विवाद में खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज, क्या होंगे गिरफ्तार?
नई दिल्ली। पटना में दो कोचिंग इंस्टीट्यूट के बीच विवाद मामले में अब खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। आर्म्स एक्ट और गलत जानकारी के आरोप में खान सर के खिलाफ कदमकुआं थाने में मामला दर्ज होने के बाद अब उनके ऊपर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इससे पहले पुलिस ने खान सर की कोचिंग सेंटर पर हमले के मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार किया गया था। मगर घटना वाली रात खान सर के सुरक्षा गार्ड का फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद खान सर खुद भी लपेटे में आ गए।
पटना पुलिस इससे पहले खान सर के दो गॉर्डों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में अब तक पांच लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। इससे पहले गुरुवार को बड़ी संख्या में ज्ञान बिंदु कोचिंग के स्टूडेंट्स ने खान सर के खिलाफ प्रदर्शन किया और निदेशक रौशन आनंद को रिहा करने की मांग की। दरअसल यह पूरा विवाद बिहार पुलिस भर्ती का रिजल्ट आने के बाद शुरू हुआ। खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर दोनों ने ही अपने-अपने संस्थानों से सबसे ज्यादा छात्रों के सेलेक्शन का दावा किया। भर्ती परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किए गए। इसके लिए बड़े बड़े बैनर पोस्टर भी लगवाए गए।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान खान ग्लोबल स्टडीज के पोस्टर को ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के बोर्ड के ऊपर लगा दिया गया। इसके बाद 2 जून की रात कुछ लोगों ने पहुंचकर खान ग्लोबल स्टडीज के पोस्टर फाड़ने शुरू कर दिए और कोचिंग सेंटर पर पथराव किया। विवाद के बाद जब पुलिस वहां पहुंची तो खान सर ने दूसरे पक्ष की तरफ से कई राउंड फायरिंग किए जाने का भी दावा किया था हालांकि बाद में वो अपनी बात से मुकर गए थे।
