June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

इन राज्यों में रहते हैं तो बरतिए सावधानी, मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया

नई दिल्ली। लगातार आते पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर भारत में अप्रैल के काफी दिन तक मौसम सुहाना बना रहा। अब उत्तर से लेकर पूर्वी भारत तक गर्मी का सितम शुरू हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली समेत यूपी, पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 19 से 21 डिग्री के बीच होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार को ओडिशा के अलावा महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पूर्वी यूपी, गुजरात, तेलंगाना और तमिलनाडु में भी अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री के बीच रहा। महाराष्ट्र के अकोला में सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुजरात के तटीय इलाकों, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र के मध्यवर्ती इलाकों, कर्नाटक के उत्तरी इलाकों, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में हीट वेव चल सकती है।

मौसम विभाग ने बताया है कि शनिवार तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई जगह बर्फबारी और हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड और त्रिपुरा में शुक्रवार तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद पहाड़ी राज्यों में भी तापमान के बढ़ने का सिलसिला शुरू होगा। मौसम विभाग ने पहले ही बता रखा है कि एल-नीनो के कारण इस साल प्रचंड गर्मी पड़ने वाली है। एल-नीनो प्रभाव के कारण इस साल देश के बड़े हिस्से में औसत से कम बारिश भी होने का अनुमान है। इससे धान उगाने वाले किसानों के लिए दिक्कत पैदा हो सकती है। इससे पहले लगातार दो साल ला-नीना प्रभाव के कारण औसत से ज्यादा बारिश और काफी ठंड पड़ी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *