केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने संसद परिसर में लहराए सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस के पोस्टर
नई दिल्ली। लोकसभा और राज्यसभा में पिछले कई दिनों से लगातार हंगामा जारी है। कांग्रेस जहां अडाणी मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है तो वहीं बीजेपी सोनिया गांधी और भारत विरोधी गतिविधि में शामिल जॉर्ज सोरोस के बीच सीधा लिंक होने के आरोप लगा रही है। बीजेपी का कहना है कि अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के नेहरू-गांधी परिवार के साथ गहरे संबंध हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह आज संसद परिसर में सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस के पोस्टर लेकर पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों के सामने पोस्टर लहरा कर विरोध जताया।
गिरिराज सिंह द्वारा लहराए गए इस पोस्टर में सोनिया गांधी की फोटो के नीचे लिखा था सोरोस से तेरा क्या रिश्ता, सोनिया जवाब दें। वहीं सोरोस की फोटो के नीचे लिखा, यह रिश्ता क्या कहलाता है? बीजेपी ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के जॉर्ज सोरोस समर्थित उन संगठनों के साथ लिंक हैं, जो भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। आपको बता दें कि एक दिन पहले भी राज्यसभा में सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस के बीच लिंक को लेकर बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सवाल उठाया था।
नड्डा ने आरोप लगाया था कि जॉर्ज सोरोस और नेहरू परिवार के बहुत पुराने संबंध हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस जानती है कि उसके पास पर्याप्त संख्याबल नहीं है इसके बावजूद वह राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाई। बीजेपी ने आरोप लगाया कि यह अविश्वास प्रस्ताव सिर्फ इसलिए लाया गया है ताकि जनता का ध्यान सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस के मुद्दे से भटकाया जा सके। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी उपराष्ट्रपति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने पर कांग्रेस को जमकर फटकार लगाई थी। उन्होंने तो यहां तक कह दिया था कि विपक्षी सांसद सदन के सदस्य होने के लायक नहीं हैं।
