विपक्ष ने देश की महिलाओं को हराया, अंजाम भुगतना होगा, महिला आरक्षण पर कैबिनेट बैठक में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के रवैये पर पीएम ने नाराजगी जताई। मीडिया सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन न करके देश की महिलाओं को हराया है। ऐसा करके विपक्ष ने बहुत बड़ी गलती की है और भविष्य में उनको इसका अंजाम भुगतना होगा। पीएम ने कहा कि सरकार गांव-गांव में जन-जन तक इस मुद्दे को लेकर जाएगी ताकि विपक्ष का महिला विरोधी असली चेहरा उजागर हो सके। मोदी बोले, विपक्ष को देश की महिलाओं को जवाब देना होगा।
वहीं कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राजनीति से प्रेरिक होकर और महिलाओं को उनका अधिकार न देने की मानसिकता से कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण से संबंधी बिल को पारित नहीं होने दिया हम इससे दुखी हैं। यह सिर्फ सरकार के लिए दु:ख की बात नहीं है और न ही हम इसलिए दुखी हैं कि हमारी पार्टी को नुकसान हुआ बल्कि दुखी इसलिए हैं क्योंकि यह नुकसान देश की महिलाओं को हुआ है। देश के संचालन संबंधी निर्णयों में हिस्सेदारी लेने के लिए महिलाओं को उनकी जगह देने के संबंध में जो महत्वपूर्ण कदम था वो पूरा नहीं हो पाया इसलिए हम दुखी हैं। इसको सरकार या हमारी पार्टी बीजेपी को फेलियर बिल्कुल नहीं मानना है। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने देश को बहुत बड़ा आघात पहुंचाया है।
आपको बता दें कि एक दिन पहले शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े 131वां संविधान संशोधन विधेयक पर वोटिंग हुई थी। इस बिल को पास होने के लिए दो तिहाई बहुमत यानी की जरूरत थी। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। दो तिहाई बहुमत के हिसाब से बिल के पक्ष में कुल 352 वोट पड़ने चाहिए थे मगर 54 वोट कम पड़े और विधेयक गिर गया।
