दाऊद इब्राहिम को बड़ा झटका, करीबी ड्रग्स तस्कर सलीम डोला तुर्किए में गिरफ्तार
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय आतंकी दाऊद इब्राहिम के गैंग को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान में छिपे दाऊद इब्राहिम के खास सलीम डोला को तुर्किए में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। सलीम डोला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी से जुड़ा था। वो लंबे वक्त से सिंथेटिक ड्रग्स का कारोबार कर रहा था। सलीम डोला भारत में भी नेटवर्क के जरिए ड्रग्स की सप्लाई करता था। उसकी गिरफ्तारी से दाऊद इब्राहिम के ड्रग्स कारोबार और उसके जरिए आतंकी फंडिंग पर शिकंजा कसना तय है।
सलीम डोला पहले मुंबई से ही ड्रग्स का धंधा करता था। उसके बाद दाऊद का करीबी होने के कारण उसने दुबई से ड्रग्स का अंतरराष्ट्रीय कारोबार शुरू किया। सलीम डोला का बाप भी दाऊद इब्राहिम के साथ काम करता था। भारत में बड़े पैमाने पर ड्रग्स बेचने वाले सलीम डोला के प्रमुख सहयोगी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को मुंबई क्राइम ब्रांच 2025 में दुबई से प्रत्यर्पित करा लाई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने सलीम डोला के बेटे ताहिर और उसके परिवार के चार और सदस्यों को भी दुबई से प्रत्यर्पित कराकर गिरफ्तार किया था।
सलीम डोला पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के आवेदन पर सलीम डोला के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलीम डोला सऊदी अरब के पासपोर्ट पर तमाम देशों में घूमकर ड्रग्स का कारोबार चला रहा था। तुर्किए में सलीम डोला की गिरफ्तारी के बाद अगर उसे सऊदी अरब प्रत्यर्पित किया जाता है, तो भारत वहां से उसे ला सकता है। तुर्किए से भारत की प्रत्यर्पण संधि नहीं है। तुर्किए के भारत से रिश्ते भी अच्छे नहीं हैं। ऐसे में इसकी भी आशंका है कि सलीम डोला को कहीं तुर्किए पुलिस आजाद न कर दे। अगर ऐसा हुआ, तो सलीम डोला को भारत लाए जाने की तमाम कोशिशों पर पानी फिर सकता है। फिलहाल एजेंसियां सलीम डोला की गिरफ्तारी के बाद हालात पर नजर रखे हुई हैं।
