April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम तीन सप्ताह के लिए बढ़ाने का डोनाल्ड ट्रंप ने किया ऐलान

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम को तीन सप्ताह के लिए बढ़ाए जाने का ऐलान किया है। व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में इजरायल और लेबनान के उच्च अधिकारियों की बैठक में सीजफायर को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इस ऐलान के साथ ही ट्रंप ने यह भी बताया कि वो जल्द ही इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन को अमेरिका आने का न्योता देने वाले हैं। ट्रंप ने कहा कि मैं निकट भविष्य में इजरायल के प्रधानमंत्री और लेबनान के राष्ट्रपति की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हूं। इस ऐतिहासिक बैठक में भागीदार होना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है।

ट्रंप ने बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, इजरायल में राजदूत माइक हकाबी और लेबनान में राजदूत मिशेल इस्सा ने आज ओवल ऑफिस में इजरायल और लेबनान के उच्च पदस्थ प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यह बैठक बहुत सफल रही। संयुक्त राज्य अमेरिका लेबनान को हिजबुल्लाह से बचाने में मदद करने के लिए उसके साथ मिलकर काम करेगा। ईरान का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि समझौते को लेकर वह जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेंगे। उन्होंने साफ किया कि डील तभी होगी जब वो अमेरिका के हित में होगी। ट्रंप बोले, ईरान को यह समझने में बहुत मुश्किल हो रही है कि उनका नेता कौन है, उन्हें खुद ही नहीं पता। होर्मुज जलडमरूमध्य पर हमारा पूर्ण नियंत्रण है। अमेरिकी नौसेना की अनुमति के बिना कोई भी जहाज अंदर या बाहर नहीं जा सकता।

आपको बता दें कि अभी कुछ घंटों पहले ही ट्रंप ने ट्रूथ सोशल के जरिए बताया था कि मैंने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली किसी भी नाव, चाहे वह छोटी ही क्यों न हो को नष्ट कर दिया जाए। इसमें जरा भी संकोच नहीं होना चाहिए। ईरान के सभी 159 नौसैनिक जहाज समुद्र की तलहटी में डूब चुके हैं। बारूदी सुरंग हटाने वाले अमेरिकी जहाज इस समय जलडमरूमध्य को साफ कर रहे हैं। मैं इस कार्य को तीन गुना अधिक तीव्रता से जारी रखने का आदेश देता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *