April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत महान देश, इसका नेतृत्व मेरा एक बहुत अच्छा दोस्त…’हेल होल’ पोस्ट के बाद डोनाल्ड ट्रंप का यूटर्न

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से भारत की प्रशंसा की है। ट्रंप ने भारत को एक महान करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताया है। दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता क्रिस्टोफर एल्म्स ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत एक महान देश है और इसका नेतृत्व मेरा एक बहुत अच्छा दोस्त कर रहा है। ट्रंप की भारत विरोधी पोस्ट के कुछ घंटों बाद ही अब अमेरिकी राष्ट्रपति यू-टर्न लेते हुए भारत और भारतीय प्रधानमंत्री की शान में कसीदे पढ़ रहे हैं।

बता दें कि ट्रंप ने अमेरिकी रेडियो होस्ट माइकल सैवेज की एक पोस्ट को रीपोस्ट किया था जिमसें भारत और चीन को नरक का द्वार (हेल-होल) बताया गया था। हेल होल पोस्ट को लेकर ट्रंप सोशल मीडिया पर भारतीय नागरिकों ने निशाने पर आ गए, उनको काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। वहीं इस मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग में यह तो कहा कि ऐसी रिपोर्ट उन्होंने देखी है मगर इस विषय में इससे ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया। अब ट्रंप ने खुद ही अपने रुख में परिवर्तन करते हुए भारत की तारीफ की है।

इससे पहले भी ट्रंप कई मौकों पर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर चुके हैं। अभी हाल ही में ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन कर वेस्ट एशिया के हालात पर लंबी बातचीत की थी। ट्रंप और मोदी ने भारत और अमेरिका के विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता जताई थी। इस दौरान भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों के आवागमन के लिए पूरी तरह खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *