April 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बंगाल में चुनाव के दौरान कई जगहों पर हिंसा, बीजेपी प्रत्याशी की कार पर हमला, बीजापुर में निर्दलीय प्रत्याशी और काउंसलर के बीच मारपीट

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में आज दूसरे चरण के लिए 142 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक लगभग 40 फीसदी वोटिंग हुई है। चुनाव के दौरान कुछ जगहों से हिंसा की खबर आ रही है। बसंती विधानसभा के बूथ 76 पर बवाल हो गया और बीजेपी प्रत्याशी बिकाश सरदार की कार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में कार के शीशे टूट गए और वो क्षतिग्रस्त हो गई। बीजेपी उम्मीदवार बिकाश सरदार ने हमले का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया है। उनका कहना है कि टीएमसी के लोग बूथ लूटने का प्रयास कर रहे थे।

बीजेपी उम्मीदवार के अनुसार लगभग 200-250 टीएमसी गुंडों ने रॉड और बांस की लाठियों से मेरी कार पर हमला किया। उन्होंने मेरे सिक्योरिटी गार्ड की लाइसेंसी बंदूक छीनने की कोशिश की। मेरे ड्राइवर पर भी हमला किया। वहीं पानीहाटी में भी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने आरोप लगाया है कि टीएमसी के गुंडों ने मुझ पर हमला किया। चापड़ा के बूथ के बाहर बीजेपी कार्यकर्ता मोशर्रफ मीर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया जिसमें उनका सिर फट गया। उन्होंने भी इसके पीछे टीएमसी के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।

उधर, हावड़ा के बाली में ईवीएम में कथित गड़बड़ी को लेकर हंगामा हो गया। हुगली जिले के खानकुल में बूथ में नकली पोलिंग एजेंट बैठाने को लेकर टीएमसी और लेफ्ट समर्थकों के बीच मारपीट हुई। हावड़ा में हंगामा कर रहे दो लोगों को सीआरपीएफ ने हिरासत में लिया है। उधर, बीजापुर में एक निर्दलीय प्रत्याशी और काउंसलर के बीच मारपीट हो गई है। आपको बता दें कि इस चुनाव में पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी टीएमसी और बीजेपी के बीच भयंकर टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों ही पार्टियां अपनी अपनी जीत के दावे कर रही हैं, हालांकि 4 मई को मतगणना के बाद यह क्लियर होगा कि बंगाल की जनता ने एक बार फिर ममता बनर्जी को चुना या बदलाव के लिए बीजेपी को मौका दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *