विदेश में रखा सोना तेजी से वापस ला रहा भारत, जानिए अभी कितना बचा हुआ है?
नई दिल्ली। फ्रांस, और सर्बिया के बाद अब भारत भी विदेश में रखा अपना सोना तेजी से वापस ला रहा है। इकोनॉमिक टाइम्स की खबर में बताया गया है रिजर्व बैंक की अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पास 880.52 टन सोना है। जिसमें से 197.67 टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स के पास है। विदेश में अन्य जगह रखा 104.23 टन सोना भारत लाया जा चुका है। भारत में ही अब 680 टन सोना रखा गया है।
अखबार के मुताबिक अफगानिस्तान के विदेशी भंडार फ्रीज किए जाने और रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध के बाद वैश्विक माहौल को देखते हुए भारत अपना सोना विदेश से वापस ला रहा है। खबर में बताया गया है कि भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी बढ़कर 16.7 फीसदी हो गई है। भारत ने सितंबर 2025 तक अपने यहां 575.80 टन सोना रखा था। इसके अलावा बाकी सोना विदेश में रखा हुआ था। इनमें से बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स के पास 290.4 टन सोना था। माना जा रहा है कि भारत बाकी बचा सोना भी विदेश से वापस ले आएगा।
खबर के मुताबिक सितंबर 2025 में भारत के सोने के भंडार की कीमत 97.4 अरब डॉलर थी। मार्च 2026 में ये बढ़कर 115.4 अरब डॉलर हो गई है। इससे पहले खबर आई थी कि फ्रांस ने अमेरिका के फेडरल रिजर्व में रखा 129 टन सोना वापस ले आया। वहीं, सर्बिया भी अमेरिका में रखा सारा सोना वापस ले चुका है। जबकि, जर्मनी का 1236 टन सोना अमेरिका में फेडरल रिजर्व के पास रखा है और इसे वापस लाने के बारे में विचार किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार से लेकर भारत के घरेलू बाजार में सोने की कीमत ने बड़ी उछाल ली है। भारत में दिसंबर 2024 में सोना 78000 रुपए प्रति 10 ग्राम था। वहीं, अब ये 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा पहुंचा है।
