May 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार, दो बार रहे सीएम

नई दिल्ली। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र (बीसी) खंडूरी का आज निधन हो गया। वो पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और कुछ दिनों से देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन से उत्तराखंडवासी शोक में हैं। खंडूरी दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। पहली बार वो मार्च 2007 में सीएम बने थे और जून 2009 तक पद को संभाला था। इसके बाद बतौर सीएम उनका दूसरा कार्यकाल सितंबर 2011 से लेकर मार्च 2012 तक रहा। राजनीति में आने से पहले उन्होंने सेना में रहते हुए भी देश की सेवा की थी।

मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए बीसी खंडूरी ने उत्तराखंड के विकास से संबंधित कई अहम फैसले लिए थे। पूर्व मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी की छवि एक ईमानदार और साफ सुथरी नेता के रूप में थी। वो गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद भी रहे थे। उनकी बेटी ऋतु खंडूरी भूषण भी राजनीति में हैं और वर्तमान में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष के पद पर आसीन हैं। खंडूरी के निधन पर उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम धामी ने अपने शोक संदेश में लिखा, खंडूरी जी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सैन्य जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक उनका व्यक्तित्व राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा।

धामी ने कहा, राजनीतिक जीवन में उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यशैली की मजबूत पहचान बनाई। एक जननेता के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए और अपनी सादगी, स्पष्टवादिता एवं कार्यकुशलता से लोगों के हृदय में विशेष स्थान बनाया। उनका निधन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *