उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने किया बड़ा फैसला, श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी का एलान
देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने श्रमिकों को खुशखबरी दी है। उत्तराखंड सरकार ने श्रमिकों का न्यूनतम वेतन बढ़ाने का एलान किया है। उत्तराखंड की धामी सरकार ने फैसला किया है कि राज्य में काम करने वाले अकुशल श्रमिकों को अब हर महीने कम से कम 13018 रुपए और अर्धकुशल श्रमिकों को 16900 रुपए दिए जाएंगे। धामी सरकार ने ये आदेश भी जारी किया है कि उत्तराखंड में काम करने वाले श्रमिकों को बोनस, ओवरटाइम और अन्य लाभ भी देने होंगे। धामी सरकार के श्रम सचिव श्रीधर बाबू अडांकी ने श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी गलत सूचना का शिकार न बनें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार श्रमिकों के हित के प्रति संवेदनशील है।
उत्तराखंड के उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों को पड़ोसी राज्यों से ज्यादा मानदेय मिलता है। श्रम आयोग ने सोशल मीडिया पर श्रमिकों के वेतन के बारे में चल ही अफवाहों को देखते हुए श्रमिकों से इन पर ध्यान न देने की अपील की है। उत्तराखंड के पड़ोसी राज्य यूपी में अकुशल श्रमिक को कम से कम 12356 रुपए मिलते हैं। जबकि, उत्तराखंड के एक और पड़ोसी राज्य हिमाचल में ऐसे श्रमिकों को 11250 रुपए प्रति महीने देने का प्रावधान है। इस तरह उत्तराखंड में इन पड़ोसी राज्यों के मुकाबले श्रमिकों का हाल ज्यादा अच्छा है।
उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य के सभी उद्योगों, फैक्ट्रियों वगैरा को निर्देश दिया है, कि वे अपने प्रतिष्ठान में काम करने वाले श्रमिकों के लिए तय किए मानकों का कड़ाई से पालन करें। धामी सरकार ने उद्योगों को चलाने वालों को साफ निर्देश दिया है कि उनके यहां काम करने वाले श्रमिकों से संबंधित मुद्दों पर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बता दें कि बीते दिनों यूपी के नोएडा में श्रमिकों ने कम तनख्वाह के मुद्दे पर असंतोष जताया था। जिसके बाद यूपी सरकार ने अकुशल, अर्धकुशल और कुशल श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी का फैसला किया था। उत्तराखंड में रजिस्टर्ड उद्योगों की संख्या 85000 है। इनमें लाखों श्रमिक काम करते हैं।
