बकरीद से पहले मुंबई के मीरा रोड में दो पक्षों के बीच सामुदायिक तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
नई दिल्ली। मुंबई के मीरा रोड में बकरीद से पहले दो समुदायों में झड़प के बाद तनाव का माहौल है। दरअसल मीरा रोड में स्थित पूनम क्लस्टर सोसाइटी में कुछ लोग एक शेड बना रहे थे। बकरीद पर बकरों की कुर्बानी के लिए यह शेड मुस्लिम समाज के लोगों के द्वारा बनवाया जा रहा था। वहीं सोसाइटी के हिंदू पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया और प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद स्थानीय नगर पालिका की टीम ने आकर पुलिस की मौजूदगी में उस शेड को हटा दिया।
ऐसा बताया जा रहा है कि रात के समय मुस्लिम पक्ष के कुछ लोग फिर से शेड लगाने लगे तो हिंदू पक्ष के लोगों ने दोबारा विरोध जताया। इसी बात पर हिंदू और मुस्लिम पक्ष के लोगों के बीच तनातनी बढ़ गई और झड़प हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और दोनों पक्षों को तितर बितर किया। फिलहाल मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं हिंदू पक्ष का आरोप है कि मुस्लिम पक्ष ने एक हिंदू युवक पर ब्लेड से हमला किया जिसके बाद हाथापाई की नौबत आई।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को घटना की जांच और जो भी माहौल खराब करने के दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।मुस्लिम पक्ष का कहना है कि वो सरकार के नियमों को मानते हुए ही बकरीद पर कुर्बानी देंगे जबकि हिंदू पक्ष कहना है कि सोसाइटी के अंदर पशुओं की कुर्बानी नहीं जाएगी, यह सोसाइटी के नियमों के खिलाफ है। सोसाइटी के नियम सभी त्योहारों और नागरिकों के लिए समान हैं और उनका सभी को पालन करना होगा।
