फाजिलनगर का नया नाम होगा पावागढ़, योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में किया एलान, कहा-हमने माफिया और मच्छर दोनों को समाप्त किया
नई दिल्ली। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ कुशीनगर पहुंचे, जहां उन्होंने 424 करोड़ से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान योगी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं चेक भी वितरित किए गए। योगी ने मंच से ऐलान किया कि अब फाजिलनगर को पावागढ़ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने फाजिलनगर के नए नामकरण का प्रस्ताव दे दिया है अब उसे पावागढ़ के रूप में एक नई मान्यता देने जा रहे हैं। अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करना हर नागरिक का दायित्व है।
योगी बोले, कुशीनगर जनपद में अब इंसेफेलाइटिस की बीमारी वैसे ही समाप्त हो गई है जैसे माफिया यूपी से समाप्त हो गए हैं। हमने माफिया को भी समाप्त किया और मच्छर को भी समाप्त किया है। मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी लाता था। बीमारी और बेरोजगारी की समस्या का समाधान करके आज उत्तर प्रदेश में जब कोई नौकरी निकलती है तो उसमें हमारे कुशीनगर के नौजवान भी नियुक्ति पत्र प्राप्त करते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। जबकि पिछली सरकारें निर्दोष और व्यापारियों को लूटने के लिए कट्टा और बम बनवाती थीं। बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाई जाती थी, हमने उन शोहदों को ठीक किया है और जो बोली से नहीं माना है तो गोली से जरूर मान गया है। आज भारत का जवान जब लखनऊ में बनी ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मन की छाती पर दागता है तो पाकिस्तान बचाओ-बचाओ चिल्ला उठता है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद अगर कांग्रेस चाहती तो अयोध्या में राम मंदिर बन सकता था, लेकिन उसने नहीं बनने दिया। समाजवादी पार्टी ‘घोषित रामद्रोही’ है वो राम मंदिर नहीं बनने देना चाहती थी, यह लोग लगातार बाधा पैदा कर रहे थे।
