किसी की बपौती नहीं है…सरकारी बंगला खाली न करने पर राबड़ी देवी पर भड़के बिहार सीएम सम्राट चौधरी
नई दिल्ली। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली करने का नोटिस मिल चुका है इसके बावजूद वो बंगला खाली नहीं कर रही हैं। अब इस बंगला विवाद पर बिहार के मौजूदा सीएम सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए राबड़ी देवी और उनके परिवार को निशाने पर लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा, यहां किसी की बपौती नहीं हो सकती। यह राजतंत्र नहीं है कि आपको जो घर मिला उसको खाली नहीं करना है। बेटे को अलग घर चाहिए, माता जी को अलग घर चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, हम लोग जनता के काम के लिए आए हैं इसलिए अपने घर की चिंता छोड़ दीजिए। जिस दिन मेरी पार्टी बीजेपी और हमारे नेता मुझसे कह देंगे कि आपका काम यहीं पर समाप्त होता है, मैं आपको आश्वस्त करता हूं, 24 घंटे में अपना झोला उठाकर अपने निजी आवास में शिफ्ट हो जाऊंगा, किसी सरकारी बंगले में नहीं रहूंगा। हम यहां जनता की भलाई के लिए आए हैं, अपने कल्याण के लिए नहीं आए हैं।
सीएम बोले, कुछ लोगों को चिंता रहती है कि हमारा घर बचा रहे। मैं तो पिछले 10 वर्षों से साल 2016 से लेकर 2026 तक कई बार मंत्री बना, कई बार उपमुख्यमंत्री बना, बिहार का गृह मंत्री भी रहा, लेकिन मैं सरकारी घर में नहीं रहता था। मात्र 2400 वर्ग फीट के अपने घर में रहता था। मैं नीतीश कुमार जी को धन्यवाद देता हूं। मैं 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री बना था और नीतीश कुमार 1 मई को अपना सरकारी आवास खाली कर दूसरे घर में शिफ्ट हो गए। उनको बंगला खाली करने के लिए कोई नोटिस नहीं दिया गया था। यह है शुचिता का प्रचार। लोकतंत्र में हम जनता के सेवक हैं। मैं जब मुख्यमंत्री आवास में रहने आया तो मैंने कहा कि बाहर लिखवा दीजिए यह लोकसेवक का आवास है। बता दें कि राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड वाला सरकारी बंगला अलॉट हुआ है लेकिन वो अपने पुराने बंगले को खाली न करने पर अड़ी हैं।
