June 5, 2026

Hind foucs news

hindi new update

साईराज बहुतुले को बड़ी जिम्मेदारी, बीसीसीआई ने नियुक्त किया टीम इंडिया का नया स्पिन बॉलिंग कोच

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी साईराज बहुतुले को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उनको टीम इंडिया (सीनियर मेंस) का नया स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। साईराज बहुतुले के पास टीम कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव है। उन्होंने आईपीएल के इसी सीजन में पंजाब किंग्स के स्पिन बॉलिंग कोच की भूमिका निभाई है। इससे पहले वो आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े थे। इसके अलावा कई सालों में वो घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देते आ रहे हैं। वो बंगाल, गुजरात, विदर्भ और केरल टीमों के मुख्य कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

साईराज बहुतुले ने कहा, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बेहद गर्व की बात थी और एक बार फिर कोचिंग के माध्यम से भारतीय क्रिकेट में योगदान देने का अवसर मिलना मेरे लिए बेहद खास है। मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने और टीम को सभी प्रारूपों में उत्कृष्टता हासिल करने में सहयोग देने के लिए उत्सुक हूं।

मूल रूप से महाराष्ट्र में जन्मे साईराज बहुतुले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और भारत के दिग्गज कप्तान रहे सौरव गांगुली के साथ भी खेल चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए हालांकि सिर्फ 10 इंटरनेशनल मैच ही खेले हैं जिसमें दो टेस्ट और आठ वनडे इंटरनेशनल मैच शामिल हैं। जबकि उनके पास घरेलू क्रिकेट का बहुत उम्दा अनुभव है। उन्होंने लगभग दो दशकों का प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला जिसमें उन्होंने अपने बल्ले और गेंद दोनों से ही उम्दा प्रदर्शन करते हुए 6176 रन बनाए तथा 630 विकेट लिए हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनकी गिनती एक बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ी के रूप में होती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *