दिल्ली-एनसीआर में आतंकी वारदात की साजिश विफल, दिल्ली पुलिस ने राजधानी और पंजाब से आईएसआई के चार दहशतगर्दों को गिरफ्तार किया
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की बड़ी साजिश नाकाम कर दी है। स्पेशल सेल ने आईएसआई के इशारे पर बड़ी आतंकी वारदात का इरादा रखने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो पंजाब और दो दिल्ली से गिरफ्तार किए गए। आईएसआई के इशारे पर आतंकी वारदात करने की साजिश रचने वाले इन चारों के पास से तुर्की में बनी जिगाना पिस्टल, एक अन्य विदेशी पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक ये हथियार तस्करी नेटवर्क से भी जुड़े हैं।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की ओर से बताया गया कि एसीपी विवेक त्यागी, इंस्पेक्टर सतीश राणा और इंस्पेक्टर अशोक को तकनीकी और खुफिया इनपुट मिला कि पाकिस्तान में आईएसआई का हैंडलर शहजाद भट्टी ने दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी वारदात की साजिश रची है। इसके लिए आईएसआई हैंडलर ने पंजाब के युवाओं को फंसाया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने केस दर्ज किया और पंजाब व दिल्ली में कई जगह छापे मारे। इन छापों में पंजाब के अमृतसर से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया। विशाल से पिस्टल, कारतूस और मोबाइल मिले।
शुभदीप उर्फ विशाल ने पूछताछ में बताया कि वो पाकिस्तान की आईएसआई के हैंडलर्स से संपर्क में था। ड्रोन के जरिए उसे हथियार और ड्रग्स की खेप भेजी जाती थी। शुभदीप से जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने पंजाब से ही उसके दो साथियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को गिरफ्तार किया। इनके पास जिगाना पिस्टल और कारतूस मिले। इसके बाद गगनप्रीत नाम के आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
आईएसआई ने इन सभी को दिल्ली के थानों, चौकियों और धार्मिक स्थलों की रेकी कराई थी। जिनका वीडियो पाकिस्तान भेजे जाने का सबूत दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को मिला है। इनको निर्देश दिया गया था कि सार्वजनिक स्थलों पर फायरिंग कर आतंक फैलाएं। अपने मंसूबे में कामयाब होने से पहले ही दिल्ली पुलिस की चौकसी की वजह से तीनों पकड़ लिए गए। बता दें कि बीते दिनों ही खुफिया इनपुट आया था कि आईएसआई ने खालिस्तानी दहशतगर्दों के जरिए दिल्ली और उत्तराखंड में आतंकी वारदात की साजिश रची है। जिसके बाद दोनों जगह पुलिस को हाई अलर्ट किया गया था।
