नरोत्तम मिश्रा ने समर्थकों से शांति की अपील की, कैलाश विजयवर्गीय बोले- सबको टिकट नहीं मिल सकता
डबरा (ग्वालियर)। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को बीजेपी का टिकट न मिलने से उनके समर्थक गुस्से में भर गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया। नरोत्तम मिश्रा ने इस हंगामे पर कोई बयान नहीं दिया था। अब नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि सभी विचार पार्टी फोरम मे रखे जाते हैं। इस तरह पेट्रोल-केरोसीन वगैरा का मेरे समर्थक इस्तेमाल न करें।
वहीं, इंदौर में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा में 230 सीट हैं। करीब 2000 लोगों ने चुनाव लड़ने की तैयारी की, लेकिन हर किसी को टिकट नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि पार्टी का फैसला सबसे ऊपर है और हर कोई इस फैसले को मानेगा। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार और शनिवार को नरोत्तम मिश्रा से बात करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा बीजेपी के वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता हैं और फैसले का सम्मान करेंगे।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उप चुनाव होना है। बीजेपी ने दतिया सीट से आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। आशुतोष तिवारी को बीजेपी का टिकट मिलने पर नरोत्तम मिश्रा के समर्थक नाराज हो गए। बीजेपी के एक जिलाध्यक्ष समेत कई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। नरोत्तम समर्थकों ने नेशनल हाइवे नंबर 44 को जाम कर दिया था। जब पुलिस ने हाइवे खाली कराने के लिए कार्रवाई की, तो बीजेपी समर्थकों से भिड़ंत हो गई। नतीजे में एसपी और एएसपी समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हंगामा बढ़ते देख नरोत्तम मिश्रा ने समर्थकों से शांति की अपील की। मध्य प्रदेश विधानसभा के 2023 में हुए चुनाव में दतिया सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र कुमार भारती ने नरोत्तम मिश्रा को हराया था। राजेंद्र भारती के अयोग्य साबित होने के बाद दतिया सीट पर उप चुनाव होने जा रहा है।
