नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की, जानिए 13 आरोपियों के नाम
नई दिल्ली। नीट यूजी पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीबीआई ने 13 आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पेपर लीक मामले की सुनवाई दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में हो रही है। सीबीआई की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने नीट यूजी पेपर लीक मामले में चार्जशीट दाखिल की है। नीट यूजी पेपर लीक का खुलासा होने पर केंद्र सरकार ने सीबीआई को जांच सौंपी थी।
सीबीआई ने नीट यूजी पेपर लीक मामले में बीएनएस की धारा 315(5), 318(4), 61(2), 238, 303(2); प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट 1988 की धारा 13(2) और 13(1)(ए) के साथ ही पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट 2024 की धारा 10 (धारा 3, 4, 5 और 11 के साथ) के तहत केस दर्ज किया था। नीट पेपर लीक मामले में जिन आरोपियों के खिलाफ सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की है, उनके नाम यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉक्टर मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे और मनीषा संजय हवलदार हैं। ये सभी न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।
बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देश पर सरकार ने चार राज्यों के हाईकोर्ट को चिट्ठी लिखकर फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का आग्रह किया था। इन्हीं में से एक कोर्ट दिल्ली में है। दिल्ली के फास्ट ट्रैक कोर्ट में सोमवार को नीट यूजी पेपर लीक मामले की सुनवाई थी। उस दौरान सीबीआई की तरफ से स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर यानी विशेष लोक अभियोजक पेश नहीं हुआ था। जिसके बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 3 अगस्त 2026 तय की थी। अब सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीबीआई को 12 मई को नीट यूजी पेपर लीक मामले की जांच का जिम्मा दिया गया था।
