जैश के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल का एक और करीबी आदित्य सिंह हावड़ा से गिरफ्तार
नई दिल्ली। जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल और उसकी गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर बंगाल एसटीएफ ने उनके एक और करीबी सहयोगी आदित्य सिंह उर्फ राज उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने आदित्य सिंह को रविवार रात हावड़ा के बेलिलियस रोड से पकड़ा। एसटीएफ के अनुसार, आदित्य बंगाल के नगर राज्य मंत्री उमेश राय और उनके परिवार की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। वो उमेश राय और उनके बेटे की जानकारी और उनकी तस्वीरों को हमीम मंडल और अर्पिता सरकार तक पहुंचा रहा था। एसटीएफ ने दावा किया है हमीम के अलावा आदित्य सिंह शाहजाद भट्टी गिरोह से भी जुड़ा हुआ था।
प्रारम्भिक जांच के अनुसार, आदित्य को वीवीआईपी लोगों की रेकी का काम मिला था और वो उनके आसपास रहते हुए उनकी गतिविधियों पर नजर रखता था और उनकी तस्वीरों को आतंकियों तक पहुंचाता था। मंत्री उमेश राय के बेटे को हनीट्रैप में फंसाकर उसके अपहरण की साजिश से जुड़े एंगल से भी एसटीएफ इस मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल आदित्य से पूछताछ की जा रही है और उसकी निशानदेही पर कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
बता दें कि बंगाल एसटीएफ ने पूर्व बर्धमान जिले से जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल को 31 जुलाई को गिरफ्तार किया था। उसके पास से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों, वीआईपी मूवमेंट और उनकी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे। यह भी पता चला है कि हमीम मंडल जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए हमले के मास्टरमाइंड सज्जाद भट का करीबी है। एसटीएफ ने हमीम मंडल से पूछताछ के आधार पर उसकी गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को 1 अगस्त को झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार किया था। एसटीएफ के मुताबिक हमीम और अर्पिता की वाट्सएप चैट से उनके जैश के आतंकी नेटवर्क के बारे में जुड़े होने की जानकारी मिली है। एसटीएफ का दावा है कि अर्पिता प्रभावशाली लोगों को हनीट्रैप में फंसाने का काम करती थी।
