August 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीएसपी सरकार में मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू को मायावती ने पार्टी से निकाला

नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बड़ा एक्शन लेते हुए पूर्व मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से बाहर कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते अंटू मिश्रा के खिलाफ निष्कासन की यह कार्रवाई की गई है। अंटू मिश्रा का नाम कभी बीएसपी के कद्दावर नेताओं में लिया जाता था। वो मायावती के काफी विश्वासपात्र माने जाते थे। बीएसपी सरकार में अंटू मिश्रा स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। मायावती ने अंटू मिश्रा के निष्कासन की जानकारी खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है।

मायावती ने एक्स पर लिखा, उत्तर प्रदेश में बीएसपी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। मायावती ने पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए अपील की है। बीएसपी सुप्रीमो ने कहा, उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल काफी गरमाया हुआ है, पार्टी के सभी स्तर के लोगों को विरोधियों के सभी प्रकार के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि हथकंडों से सावधान रहते हुए अपनी पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ बीएसपी के अंबेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा आम चुनाव में सफल बनाने में पूरे जी-जान से लगे रहना है।

अनंत मिश्रा बीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के भांजे हैं। अनंत मिश्रा को लेकर पूर्व में ऐसी चर्चा थी कि वो बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। हालांकि फिर किसी वजह से उनकी बात नहीं बनी। अभी हाल ही मायावती ने कुछ और लोगों को भी पार्टी से निकाला है। जिसमें उनके आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ का नाम भी शामिल है। इनके अलावा बीएसपी के राष्ट्रीय समन्वयक रणधीर सिंह बेनीवाल पर भी गाज गिरी है और उनको भी मायावती बाहर का रास्ता दिखा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *