स्वतंत्रता दिवस पर Gen-Z और Gen-Alpha को योगी की सौगात, यूपी सरकार बहुत जल्द ला रही नई यूथ पॉलिसी
नई दिल्ली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को सौगात देते हुए एक बड़ी घोषणा की है। योगी ने बताया सरकार बहुत जल्द एक नई यूथ पॉलिसी लेकर आ रही है। इसके माध्यम से प्रदेश के युवा को एक इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ उनके स्किल, इनोवेशन और एम्प्लॉयमेंट को और अधिक मजबूती प्रदान करने में सफलता प्राप्त होगी। योगी बोले, हम एक ऐसा उत्तर प्रदेश बना रहे हैं जहां पर विरासत भी है और भविष्य की तकनीकि भी, जहां संस्कृतियों का गौरव भी होगा और आधुनिकता की गति भी, जहां परम्परा की जड़ें मजबूत होंगी और विकास के पंख आसमान छूते हुए दिखाई देंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हमारी युवा शक्ति है। हमारा युवा प्रतिभावान है, परिश्रमी है। देश और समाज के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छा शक्ति से भरपूर है। युवाओं की प्रतिभा से ही यूपी की शक्ति निहित है। हमारी सरकार ने नकल माफिया, भर्ती माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है। हम अपने डेमोग्राफिक डिविडेंड को डेवलपमेंट इंजन के रूप में बदल रहे हैं। Gen-Z और Gen-Alpha के लिए AI, मशीन लर्निंग, सेमी कंडक्टर, स्टार्टअप इकोसिस्टम, डेटा सेंटर, डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग, साइबर, रोबोटिक, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक जैसे क्षेत्रों में यूपी ने तेजी के साथ जो कार्य आगे बढ़ाया है उसमें निवेश, नवाजार और रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं।
सीएम युवा उद्यमी स्कीम के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए ब्याज गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हर मंडल मुख्यालय में स्पोर्ट्स कॉलेज, हर जिले में स्टेडियम, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम, हर गांव में खेल के मैदान और ओपन जिम का निर्माण कराया जा रहा है। आज यूपी का युवा पलायन की समस्या से मुक्त हो चुका है। साथ ही हमारा संकल्प है कि हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार हो। इसी संकल्प को और अधिक गति प्रदान करते हुए, आपकी क्षमता का सही उपयोग करने के लिए, आपकी संभावनाओं को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एक नई यूथ पॉलिसी बहुत शीघ्र लेकर आ रही है।
