TISS के दीक्षांत समारोह में चीफ गेस्ट नहीं होंगे सीजेआई सूर्यकांत, 22 अगस्त को होगा कार्यक्रम
नई दिल्ली। मुंबई के प्रतिष्ठित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) के 86वें दीक्षांत समारोह में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल नहीं होंगे। टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. सीएस प्रमेश इस समारोह में चीफ गेस्ट होंगे। दीक्षांत समारोह का यह कार्यक्रम 22 अगस्त को होगा। इससे पहले 2 अगस्त को दीक्षांत समारोह आयोजित होना था, जिसमें सीजेआई सूर्यकांत को बतौर चीफ गेस्ट शामिल होना था मगर समारोह से दो दिन पहले कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। TISS की ओर से जारी आधिकारिक बयान में यह कहा गया था कि अनुकूल माहौल में समारोह का आयोजित नहीं हो सकता।
हालांकि कार्यक्रम रद्द होने के बाद ऐसी अटकलें लगाई गई थीं कि संभवत: यह फैसला इसलिए लिया गया है कि संस्थान को इस बात को लेकर आशंकित था कि कहीं कुछ छात्र मुख्य न्यायाधीश का विरोध न कर दें। दरअसल, हैदराबाद की NALSAR यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के विरोध में स्टूडेंट्स के द्वारा एक कैंपेन चलाया गया था। छात्रों के द्वारा इस बाबत विश्वविद्यालय प्रशासन को एक पत्र भी लिखा गया था कि सीजेआई सूर्यकांत को मुख्य अतिथि न बनाया जाए। छात्रों के द्वारा इस विरोध को लेकर बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने दखल दिया था और इसको लेकर काफी विवाद हो गया था।
बीसीआई ने कहा था कि सीजेआई का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन मिश्रा की ओर से सभी राज्यों की बार काउंसिलों को सर्कुलर जारी कर यह निर्देश दिया गया था कि NALSAR यूनिवर्सिटी से पास आउट होने वाले छात्रों का वकील के रूप में एनरोलमेंट न किया जाए। इसके बाद इस मामले से संबंधित याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा था कि यह मेरे और छात्रों के बीच संवाद की बात है इसमें बीसीआई दखल देने वाला कौन है?
